प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

जलभराव और गहरे गड्ढों से बदहाल विंडवा मार्ग

विंडवा-पिनाहट मार्ग की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, SDM से की तत्काल कार्रवाई की मांग

इन दिनों बरसात के कारण जगह-जगह जल भराव की स्थिति बनी हुई. वहीं मुरैना में ग्रामीणों ने परेशान होकर SDM को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की.

विंडवा-पिनाहट मार्ग की बदहाली पर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा sdm से की तत्काल कार्रवाई की मांग

Morena News |

मुरैना: बरसात शुरू होते ही विंडवा ग्राम की सड़क लोगों के लिए मुसीबत का दूसरा नाम बन गई है। विंडवा से पिनाहट-अंबाह मार्ग को जोड़ने वाली सड़क अतिक्रमण, जलभराव और गहरे गड्ढों के कारण पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। हालात ऐसे हैं कि चार पहिया वाहन सड़क पर फंस रहे हैं और उन्हें ट्रैक्टरों की मदद से बाहर निकालना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने SDM को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की

ग्रामीणों ने इस गंभीर समस्या को लेकर एसडीएम को ज्ञापन सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उनका आरोप है कि जहारपुर के कुछ लोगों ने सड़क के सोल्डरों पर चबूतरे बनाकर अतिक्रमण कर लिया है, जिससे सड़क संकरी हो गई है और आवागमन खतरे से खाली नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि कई मकानों की नालियों का गंदा पानी सीधे सड़क पर छोड़ा जा रहा है। लगातार जलभराव से सड़क जगह-जगह धंस चुकी है और बड़े-बड़े गड्ढे मौत का जाल बन गए हैं। बरसात में विंडवा हार के रपटे से लेकर विंडवा नाले की पुलिया तक सड़क तालाब में तब्दील हो जाती है। न दोनों ओर नालियां बनाई गईं और न ही वर्षों से सड़क की मरम्मत कराई गई।

ग्रामीणों ने कहा जिला प्रशासन की अनदेखी के कारण परेशान जनता

ग्रामीणों ने प्रशासन को याद दिलाया कि इसी सड़क की बदहाली को लेकर उन्होंने पिछले चुनाव में मतदान बहिष्कार तक का फैसला लिया था। उस समय अधिकारियों ने चुनाव के बाद सड़क निर्माण और मरम्मत का आश्वासन दिया था, लेकिन आज तक केवल वादे हुए, जमीन पर कोई काम नहीं हुआ। ग्रामीणों का आरोप है कि जिला प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की अनदेखी के कारण हजारों लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। स्कूली बच्चे, किसान, मरीज और आम नागरिक हर दिन जान जोखिम में डालकर इस सड़क से गुजरने को मजबूर हैं।

सड़क से तत्काल अतिक्रमण हटाए जाने की मांग

ग्रामीणों ने एसडीएम से मांग की है कि सड़क से तत्काल अतिक्रमण हटाया जाए। दोनों ओर नालियों और आवश्यक पुलिया का निर्माण कराया जाए और सड़क की युद्धस्तर पर मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो बरसात के दौरान कोई बड़ा हादसा हो सकता है, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ये भी पढ़ें- कोयला लदा ट्रेलर अनियंत्रित होकर नाले में गिरा, निर्माणाधीन रेलिंग हुई क्षतिग्रस्त
 

Related to this topic: