मोतिहारी में SSB ने भारत नेपाल सीमा पर 24 बोरी यूरिया खाद, एक मोटरसाइकिल और चार साइकिल बरामद कीं। कार्रवाई में एक व्यक्ति को पकड़ा गया।
मोतिहारी (बिहार)। 71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, मोतिहारी के जवानों ने भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए 24 बोरी यूरिया खाद, एक प्लेटिना मोटरसाइकिल और चार साइकिल बरामद की है। इस दौरान एक व्यक्ति को भी पकड़ा गया है। बरामद यूरिया खाद को भारत से नेपाल ले जाने की कोशिश की जा रही थी।जानकारी के अनुसार, 21 अगस्त 2026 को सीमा चौकी बडहरवा के जवानों को सूचना मिली थी कि कुछ लोग मोटरसाइकिल और साइकिल के माध्यम से यूरिया खाद अवैध रूप से भारत से नेपाल ले जाने की तैयारी में हैं।
सूचना पर विशेष गश्ती दल ने संभाला मोर्चा
सूचना के आधार पर 71वीं वाहिनी के कमांडेंट प्रफुल्ल कुमार के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष गश्ती दल का गठन किया गया।गश्ती दल सुबह करीब 5:45 बजे सीमा स्तंभ की ओर रवाना हुआ। सीमा स्तंभ के समीप पहुंचने पर जवानों ने बलुआ पोस्ट और सैनिक रोड के पास मिठाई की दुकान के बीच ग्रामीणों द्वारा बनाए गए कच्चे रास्ते से कुछ लोगों को यूरिया खाद की बोरियां लेकर नेपाल की ओर जाते देखा। जवानों को अपनी ओर आता देखकर खाद ले जा रहे लोग मोटरसाइकिल, साइकिल और खाद की बोरियां छोड़कर भागने लगे।
पीछा कर एक व्यक्ति पकड़ा, 24 बोरी खाद समेत सामान बरामद
गश्ती दल ने पीछा कर गोपाल राय (लगभग 50 वर्ष), पिता परमानंद राय, निवासी बलुवा, पोस्ट बिजबनी, पूर्वी चंपारण को पकड़ लिया। इसके बाद आसपास के इलाके में तलाशी अभियान चलाया गया। तलाशी के दौरान अलग-अलग स्थानों से 24 बोरी यूरिया खाद, चार साइकिल और एक प्लेटिना मोटरसाइकिल बरामद की गई।
जब्त सामान सीमा शुल्क कार्यालय को सौंपने की प्रक्रिया शुरू
स्थानीय लोगों की मौजूदगी में बरामद सामान की जब्ती सूची तैयार की गई। पकड़े गए व्यक्ति और जब्त सामान को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के लिए समवाय मुख्यालय लाया गया। प्रारंभिक कार्रवाई के बाद जब्त यूरिया खाद, साइकिल और मोटरसाइकिल को सीमा शुल्क कार्यालय, मोतिहारी को सुपुर्द करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पकड़े गए व्यक्ति के विरुद्ध भी नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
सीमा पर तस्करी रोकने के लिए SSB की निगरानी तेज
71वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल की ओर से भारत-नेपाल सीमा पर अवैध तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए लगातार विशेष गश्त, नाका और निगरानी अभियान चलाया जा रहा है। सीमा क्षेत्र के ग्रामीणों से भी संदिग्ध या अवैध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी सीमा चौकी को देने की अपील की गई है।
यह भी पढ़े: राहुल गांधी ने पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने के बाहर दिया धरना, 20 जुलाई की पुलिस कार्रवाई पर FIR की मांग