शिवपुरी के पिछोर में लोकायुक्त पुलिस ने महिला सरपंच को ₹20 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। बिल भुगतान की फाइल आगे बढ़ाने के एवज में रिश्वत मांगने की शिकायत पर कार्रवाई की गई।
शिवपुरी (मध्यप्रदेश)। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ लोकायुक्त पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में आज ग्वालियर लोकायुक्त की टीम ने शिवपुरी जिले के पिछोर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। लोकायुक्त पुलिस ने एक ग्राम पंचायत की महिला सरपंच को ₹20,000 की रिश्वत लेते हुए उनके निज निवास से रंगे हाथों दबोचा है।
बिल भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत
मिली जानकारी के अनुसार, पिछोर क्षेत्र में कपिलधारा कूप (कुआं) निर्माण कार्य कराया गया था। इस निर्माण कार्य के बिल भुगतान की फाइल को आगे बढ़ाने और उस पर हस्ताक्षर करने के एवज में सरपंच द्वारा ₹25,000 की रिश्वत की मांग की जा रही थी। पीड़ित द्वारा इसकी शिकायत ग्वालियर लोकायुक्त से की गई थी, जिसके बाद लोकायुक्त टीम ने मामले का सत्यापन कर जाल बिछाया।
निजी आवास से रंगे हाथ पकड़ाया
निजी निवास पर हुई रंगे हाथों गिरफ्तारी लोकायुक्त की टीम ने योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी सरपंच केशबती कोली (पति खेमचंद कोली) को उनके पिछोर स्थित निजी निवास से ₹20,000 की नकद रिश्वत लेते हुए मौके पर ही दबोच लिया। लोकायुक्त टीम को देखते ही वहां हड़कंप मच गया। टीम ने तुरंत रासायनिक घोल से सरपंच के हाथ धुलवाए, जिससे उनके हाथ गुलाबी हो गए और रिश्वत लेने की पुष्टि हो गई।
लोकायुक्त की इस टीम ने की कार्रवाई
ग्वालियर लोकायुक्त के पुलिस अधीक्षक (SP) के निर्देशन में इस सफल कार्रवाई को अंजाम दिया गया। इस छापामार कार्रवाई की मुख्य कमान और निगरानी टीम में निम्नलिखित अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे नेतृत्व/निरीक्षकः देवेंद्र सिंह पवैया, उपेन्द्र दुबे, और अंजली शर्मा।
प्रधान आरक्षकः देवेंद्र पवैया, हेमंत शर्मा।
आरक्षक टीम - प्रशांत कुशवाहा, अंकेश शर्मा, सुरेंद्र सेमल कार्रवाई के बाद लोकायुक्त की टीम ने आरोपी सरपंच के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि लोकायुक्त के अधिकारी सरपंच के आवास पर लैपटॉप और दस्तावेजी साक्ष्यों के साथ कागजी औपचारिकताएं पूरी कर रहे हैं, वहीं महिला सरपंच और उनके परिजन भी वहां मौजूद हैं।
यह भी पढ़ें: बलरामपुर में डायल-112 वाहन और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, दो पुलिसकर्मी घायल