मुंगेर में जमालपुर-दशरथपुर के बीच फुल्का गुमटी के पास रेल ट्रैक पर युवक का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, पहचान अब तक नहीं हो सकी। पढ़ें पूरी खबर।
मुंगेर (बिहार)। जमालपुर-दशरथपुर के बीच फुल्का गुमटी के समीप मंगलवार सुबह डाउन लाइन पर युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। शव की सूचना पर आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में रेलवे ट्रैक पर पहुंच गए। भीड़ के कारण कुछ देर रेल परिचालन भी प्रभावित रहा। सूचना मिलते ही आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। जमालपुर थाना पुलिस ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जानकारी ली।
ट्रेन की चपेट में आने की जताई जा रही आशंका
स्थानीय लोगों के अनुसार, विक्रमशिला एक्सप्रेस के गुजरने के बाद ट्रैक के समीप युवक का शव दिखाई दिया। प्रथमदृष्टया आशंका है कि ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई होगी। हालांकि, मौत के वास्तविक कारण की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। पुलिस ने शव को ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। रेल थानाध्यक्ष स्वराज कुमार ने बताया कि घटना रेल थाना क्षेत्र में नहीं होने के कारण जमालपुर थाना पुलिस कार्रवाई कर रही है।
(Published By: Ravi Pandey)
यह भी पढ़ें: धरहरा अंचल कार्यालय के खिलाफ सड़क पर उतरे लोग, CO वीरेंद्र कुमार को हटाने की मांग