हरदा। जिले में अवैध संबंधों को लेकर रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ एक भांजे...
हरदा। जिले में अवैध संबंधों को लेकर रिश्तों के कत्ल की एक खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ एक भांजे ने अपनी ही मामी के प्यार में पागल होकर अपने सगे मामा की बेरहमी से हत्या कर दी। यह घटना हरदा जिले के रन्हाई गाँव की सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र की है। मृतक की पत्नी और उसके भांजे (प्रेमी) ने मिलकर हत्या की योजना बनाई। मामी और भांजे के बीच पिछले 6 साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था।
ऐसे दिया कत्ल की वारदात को अंजाम
पुलिस जाँच और प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला अपने पति को रास्ते से हटाना चाहती थी ताकि वह अपने भांजे के साथ रह सके। वारदात की रात, पत्नी ने अपने प्रेमी (भांजे) को फोन कर पति के सटीक ठिकाने की जानकारी दी कि वह कहाँ सो रहा है। सूचना मिलते ही भांजा मौके पर पहुँचा और सोते हुए मामा पर हथौड़े से ताबड़तोड़ वार किए। आरोपी ने मामा के सिर, आँख और मुँह पर घातक प्रहार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले की जाँच शुरू की। संदेह के आधार पर जब भांजे और मृतक की पत्नी से पूछताछ की गई तो पूरी साजिश का खुलासा हो गया। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना ने एक बार फिर समाज में रिश्तों की मर्यादा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहाँ प्रेम के चक्कर में एक भांजे ने अपने ही मामा के खून से हाथ रंग डाले।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/piyush-goyal-on-india-us-trade-deal-best-deal-compared-to-neighbouring/131831