रायबरेली में नवविवाहिता का शव फांसी पर लटका मिला है, मायके पक्ष ने इसे हत्या का मामला बताते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं।
रायबरेली,(उत्तर प्रदेश)। लालगंज कोतवाली क्षेत्र के सोहाईबाग गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक नवविवाहिता का शव घर के भीतर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। महज 6 महीने पहले जिस घर में शहनाइयां गूंजी थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई। मृतका की पहचान शिवानी (28 वर्ष) पत्नी अरुण कुमार के रूप में हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद मृत किया घोषित
घटना की भनक लगते ही आनन-फानन में ससुराल वालों ने कुंडे से लटक रहे शव को नीचे उतारा और तुरंत नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) लालगंज भागे। परिजनों को उम्मीद थी कि शायद उसकी की सांसें चल रही हों, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद ही उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर सुनते ही अस्पताल परिसर में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विवाहिता को सोची-समझी साजिश के तहत मारने का आरोप
जैसे ही इस खौफनाक वारदात की खबर विवाहिता के मायके पहुंची, वहां से भारी संख्या में लोग लालगंज आ धमके। मृतका के भाइयों और मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाते हुए इसे सीधे तौर पर 'हत्या' करार दिया। उनका आरोप है, कि विवाहिता को सोची-समझी साजिश के तहत मौत के घाट उतारा गया है.
पुलिस और परिजनों के बीच तीखी नोकझोंक
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जैसे ही पुलिस मौके पर पहुंची, माहौल और गरमा गया। शव को कब्जे में लेने के दौरान मृतका के भाइयों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की तक की नौबत आ गई। मायके वाले निष्पक्ष जांच और तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे। पुलिस को आक्रोशित परिजनों को शांत कराने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया शव
पुलिस ने भारी हंगामे के बीच शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। लालगंज कोतवाल प्रमोद सिंह का कहना है, कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का असली कारण साफ हो सकेगा। महज 6 महीने की शादीशुदा जिंदगी का ऐसा दर्दनाक अंत कई अनसुलझे सवाल छोड़ गया है, जिसकी गुत्थी अब पुलिसिया जांच के बाद ही सुलझेगी।
यह भी पढ़ेंः फतेहपुर में पथराव कांड में पुलिस का बड़ा एक्शन, वायरल वीडियो और CCTV फुटेज से 3 आरोपी गिरफ्तार