मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से जिले के नौ गंभीर मरीजों के उपचार के लिए कुल 19 लाख 12 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है।
जौनपुर: गंभीर बीमारियों से जूझ रहे जिले के नौ मरीजों के उपचार के लिए मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से कुल 19 लाख 12 हजार 500 रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की गई है। यह सहायता राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव के प्रयास से उपलब्ध कराई गई है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को महंगे इलाज के बीच इस सहायता से बड़ी राहत मिलेगी।
चार मरीजों के इलाज के लिए 8.17 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत
स्वीकृत सहायता के तहत सिद्दीकपुर निवासी सुनील कुमार पाल को बीएचयू के इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज में उपचार के लिए 2.50 लाख रुपये और तारापुर निवासी डब्लू को होमी भाभा कैंसर हॉस्पिटल के लिए 2.50 लाख रुपये दिए गए हैं। ताहिरपुर निवासी विनय कुमार सिंह को केजीएमयू लखनऊ के लिए 1 लाख 67 हजार 500 रुपये और सैदपुर गडउर निवासी दूधनाथ को एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हेल्थ केयर में उपचार के लिए 2.50 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत हुई है।
पांच मरीजों के इलाज के लिए 9.45 लाख रुपये की सहायता स्वीकृत
नदियापार निवासी श्याम जी को बीएचयू कैंसर सेंटर के लिए 75 हजार रुपये, मंडी नसीब खां निवासी पप्पू और उर्दू बाजार निवासी आशीष जायसवाल को एपेक्स सुपर स्पेशलिटी हेल्थ केयर में उपचार के लिए 2.50-2.50 लाख रुपये की सहायता मिली है। वहीं पचोखर निवासी संगीता कुमारी को एम्स में इलाज के लिए 1.20 लाख रुपये और तारापुर निवासी आजाद को बीएचयू कैंसर सेंटर के लिए 2.50 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
गंभीर रोगियों के बेहतर इलाज को सरकार की प्राथमिकता
राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव ने कहा कि गंभीर बीमारी से पीड़ित जरूरतमंद लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष के माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को उपचार के लिए हरसंभव सहायता दिलाने का प्रयास किया जा रहा है। मरीजों के परिजनों ने आर्थिक सहायता स्वीकृत कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि महंगे इलाज के बीच मिली आर्थिक मदद से उपचार जारी रखने में काफी राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें- शेयर करेंसी में रकम दोगुनी करने का झांसा, 8.50 लाख की ठगी का आरोपी बिहार से गिरफ्तार