MP News : भोपाल। नीति आयोग मध्य प्रदेश में इंदौर और भोपाल को ग्रोथ-हब (G-Hub) के रूप में विकसित करने में सहायता कर रहा है।
MP News : भोपाल। नीति आयोग मध्य प्रदेश में इंदौर और भोपाल को ग्रोथ-हब (G-Hub) के रूप में विकसित करने में सहायता कर रहा है। दोनों जिलों से एकत्र किए गए आंकड़े औद्योगिक विकास, अवसंरचना, मानव संसाधन और निवेश क्षमता से जुड़ी योजना बनाने में मार्गदर्शक होंगे। इस ढांचे में शहरी गतिशीलता, सार्वजनिक परिवहन और नागरिक सुविधाओं को भी शामिल किया जाएगा, जिससे इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन को एक मॉडल के रूप में तैयार किया जा सके।
नीति आयोग राज्य सरकार को क्षेत्रीय आर्थिक विकास के लिए इंदौर और भोपाल को ग्रोथ-हब (G-Hub) के रूप में विकसित करने में सहयोग कर रहा है।
ऑनलाइन प्लेटफार्म से एकत्र कर रहा है आंकड़े
आयोग एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से दोनों जिलों से महत्वपूर्ण आंकड़े एकत्र कर रहा है और उनका विश्लेषण करेगा, ताकि विकास को गति देने वाले क्षेत्रों की पहचान की जा सके और एक व्यापक व ठोस जी-हब योजना तैयार की जा सके।नीति आयोग की प्रधान आर्थिक सलाहकार अन्ना रॉय ने शुक्रवार को कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तर के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य औद्योगिक विकास, अवसंरचना, मानव संसाधन, निवेश क्षमता और संस्थागत मजबूती का आकलन कर एक आर्थिक योजना तैयार करना है, जिससे रोजगार सृजन को बढ़ावा मिले और “समृद्ध मध्य प्रदेश” के विजन को आगे बढ़ाया जा सके।
डेटा-आधारित योजना पर जोर
रॉय ने बताया कि इंदौर आर्थिक क्षेत्र (IER) और भोपाल आर्थिक क्षेत्र (BER) के लिए विभागीय और जिला-स्तरीय सूचनाएं एकत्र की जा रही हैं, ताकि योजना संबंधित क्षेत्रों की वास्तविक जरूरतों और प्राथमिकताओं को प्रतिबिंबित कर सके। इससे योजना प्रक्रिया अधिक सटीक और प्रभावी होगी।
गतिशीलता और शहरी सुविधाएं
आर्थिक विकास को बढ़ावा देने के लिए शहरी गतिशीलता, सार्वजनिक परिवहन और यातायात प्रबंधन को आर्थिक योजना में एकीकृत किया जाएगा। इससे औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा तथा नागरिक सुविधाओं में सुधार होगा, जिससे इंदौर आर्थिक क्षेत्र को एक सशक्त, समावेशी और सतत विकास मॉडल के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन
अन्ना रॉय ने कहा कि इंदौर मेट्रोपॉलिटन रीजन के लिए एक विस्तृत आर्थिक विकास ढांचा तैयार किया जाएगा, जिसमें विकास के प्रमुख कारक, प्राथमिक परियोजनाएं और राज्य की दीर्घकालिक विकास दृष्टि में इंदौर की भूमिका को स्पष्ट रूप से परिभाषित किया जाएगा।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/mehbooba-mufti-sharp-reaction-to-ajit-doval-statement/104524