लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। सरकार में कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने प्रयागराज में एक ही परिवार के तीन बुजुर्गों की हत्या की घटना को लेकर समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक लंबी पोस्ट साझा करते हुए घटना पर सवाल उठाए और विपक्षी दल को घेरने का प्रयास किया।
प्रयागराज की इस निर्मम घटना को किया जिक्र
अपने पोस्ट में राजभर ने कहा कि प्रयागराज की इस निर्मम घटना ने उन्हें झकझोर कर रख दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओबीसी परिवार के तीन बुजुर्गों की हत्या केवल इसलिए कर दी गई क्योंकि वे अपनी बेटी की शादी एक युवक से नहीं करना चाहते थे।
समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता पर लगा आरोप
राजभर ने दावा किया कि आरोपी समाजवादी पार्टी का कार्यकर्ता है और इस मामले को लेकर अखिलेश यादव की चुप्पी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि विपक्ष को कम से कम पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करनी चाहिए थी और दोषी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करनी चाहिए थी।
कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़े आंकड़ों का उल्लेख
कैबिनेट मंत्री ने अपने पोस्ट में कानून-व्यवस्था और अपराध से जुड़े आंकड़ों का भी उल्लेख किया। उन्होंने दावा किया कि जनवरी से अप्रैल 2026 के बीच दलितों और शोषित वर्गों के खिलाफ अपराध के मामलों में बड़ी संख्या में कुछ समुदाय के लोग आरोपीत हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि वह जल्द ही इस संबंध में विस्तृत आंकड़े भी सार्वजनिक करेंगे।

आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं, प्रयागराज में हुए इस चर्चित हत्याकांड की जांच में पुलिस जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज
घटना और राजभर के बयान के बाद प्रदेश की सियासत में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। हालांकि, समाजवादी पार्टी की ओर से इस पोस्ट पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ेंः मेरठ में 7 वर्षीय बच्चे का अपहरण, सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात