सीतामढ़ी: जिले के बथनाहा प्रखंड में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
सीतामढ़ी {बिहार}: जिले के बथनाहा प्रखंड में मंगलवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने एनएच-77 जाम कर प्रदर्शन किया।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत
घटना सहियारा थाना क्षेत्र के सिगरहिया चौक की है, जहां अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार 22 वर्षीय रवी कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक चला रहे 20 वर्षीय कुंदन कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल, सीतामढ़ी भेजा गया, जबकि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मुआवजे की मांग को लेकर हाईवे जाम
हादसे की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और एनएच-77 को जाम कर प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और अज्ञात वाहन की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर सहियारा थाना प्रभारी अर्चना कुमारी, एसआई सुमित कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। बाद में प्रखंड विकास पदाधिकारी राजाराम पासवान भी घटनास्थल पहुंचे और लोगों को समझाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीणों ने जाम समाप्त कर दिया और यातायात सामान्य हो गया।
पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की पहचान और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े: LIVE: सीएम योगी ने 'मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना' का शुभारंभ किया, 12 लाख शिक्षक-कर्मचारी होंगे लाभान्वित