जौनपुर के रघुनाथपुर के पास इलाहाबाद-जौनपुर पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल होने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। ट्रेन करीब एक घंटे तक ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को परेशानी हुई।
जौनपुर: जिले के मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के रघुनाथपुर में इलाहाबाद-जौनपुर पैसेंजर ट्रेन का इंजन फेल होने से रेल यातायात प्रभावित हो गया। इंजन में खराबी आने के कारण ट्रेन पिछले करीब एक घंटे से रेलवे ट्रैक पर खड़ी रही, जिससे यात्रियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, रेल लाइन बाधित होने का असर दूसरी ट्रेनों पर भी देखने को मिला। जानकारी के मुताबिक, इलाहाबाद-जौनपुर पैसेंजर ट्रेन रघुनाथपुर के पास पहुंची थी, तभी उसका इंजन फेल हो गया। इसके बाद ट्रेन आगे नहीं बढ़ सकी और यात्री ट्रेन के दोबारा चलने का इंतजार करते रहे। अचानक ट्रेन रुकने से यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी का सामना करना पड़ा।
जौनपुर जंक्शन से मंगाया दूसरा इंजन
इस संबंध में मड़ियाहूं स्टेशन अधीक्षक राममूर्ति यादव ने बताया कि इंजन फेल होने के कारण पैसेंजर ट्रेन खड़ी है। जौनपुर जंक्शन से दूसरा इंजन मंगाया जा रहा है, जिसके जरिए ट्रेन को दोबारा चालू किया जाएगा। वहीं, पैसेंजर ट्रेन के खड़े होने से रेल लाइन बाधित हो गई, जिसके चलते रायबरेली इंटरसिटी एक्सप्रेस भी मड़ियाहूं स्टेशन पर खड़ी रही। एक ट्रेन में तकनीकी खराबी के कारण दूसरी ट्रेन के यात्रियों को भी परेशानी उठानी पड़ी।
ये भी पढ़ें- पाकिस्तान ने मीडिया पर पाबंदी और सख्त की, घटनाओं के लाइव प्रसारण पर रोक लगाई