ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तिघरा स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) की कायापलट की एक...
172 एकड़ बंजर जमीन पर 16 हजार पौधों ने लिया सुदर्शन चक्र, स्वास्तिक और नवग्रह का रूप |
ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में तिघरा स्थित पुलिस ट्रेनिंग स्कूल (PTS) की कायापलट की एक अद्भुत कहानी सामने आई है। यहाँ की 172 एकड़ बंजर जमीन को सुदर्शन चक्र, सिंदूर, स्वास्तिक और नवग्रह के सुंदर कलात्मक रूप में ढाल दिया गया है। स्थानीय जैव विविधता को पुनर्जीवित करने का यह प्रयास पिछले 9 महीनों से लगातार जारी है।
16 हजार से अधिक पौधे लहरा रहे हैं
इस जमीन पर अब 16 हजार से अधिक पौधे लहलहा रहे हैं, जिनमें से हजारों औषधीय गुणों से भरपूर हैं। हरियाली बढ़ने के साथ ही यहाँ वन्य जीवन भी लौटने लगा है। विशेष रूप से बया जैसे पक्षियों ने अब यहाँ अपना आशियाना बना लिया है।
बंजर थी जमीन, अब चारों तरफ हरियाली
प्रदेश के एडीजी प्रशिक्षण राजाबाबू सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि यह जमीन वर्ष 1960 से बंजर पड़ी हुई थी। दशकों से खाली पड़ी इस भूमि को अब एक हरा-भरा और धार्मिक-सांस्कृतिक प्रतीकों वाला स्वरूप दिया गया है, जो न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश दे रहा है, बल्कि पुलिस ट्रेनिंग स्कूल के परिसर की शोभा भी बढ़ा रहा है। यह बंजर भूमि को पारिस्थितिकी तंत्र (Eco-system) में बदलने और वृक्षारोपण के माध्यम से जल और पक्षियों के संरक्षण का एक बेहतरीन उदाहरण है।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/state/up-political-shake-up-sbsp-split-leaders-join-vip/182360