वाराणसी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी के 76वें जन्मदिन पर सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत की।
वाराणसी (उत्तर प्रदेश)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिवस के अवसर पर वाराणसी में 'सेवा संकल्प अभियान' के शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि भविष्य में जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विरासत लिखी जाएगी, तो उसमें यह विशेष रूप से दर्ज होगा कि उन्होंने देश को नक्सलवाद से कैसे मुक्ति दिलाई और जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 कैसे समाप्त किया। उन्होंने कहा कि एक महान नेता हमेशा लोगों को स्वावलंबी बनाता है और प्रधानमंत्री ने करोड़ों लोगों को गरीबी से बाहर निकालने के साथ ही संसद में महिलाओं को बराबर की भागीदारी और नौजवानों को उनके सपनों को पंख दिए हैं।

पहले की सरकारों पर तंज और वैश्विक मंच पर भारत की स्थिति
पूर्ववर्ती सरकारों पर हमला बोलते हुए रक्षा मंत्री ने कहा कि 2014 से पहले भारत के हाथ से बड़े अवसर निकल जाते थे, क्योंकि पिछली सरकारों को केवल अपनी कुर्सी बचाने की चिंता रहती थी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में आज भारत ऐसी स्थिति में पहुंच गया है कि अंतरराष्ट्रीय मंच पर जब देश बोलता है, तो पूरी दुनिया कान खोलकर सुनती है। उन्होंने याद दिलाया कि प्रधानमंत्री ने 13 वर्षों तक गुजरात के मुख्यमंत्री और पिछले 12 वर्षों से देश के प्रधानमंत्री के रूप में अपने 25 वर्षों के कार्यकाल में अनवरत जनसेवा का कार्य किया है।

काशी और वडनगर का प्राचीन रिश्ता और बाइक यात्रा
रक्षा मंत्री ने कहा कि वडनगर और काशी का रिश्ता दो हजार साल पुराना है, जब बौद्ध भिक्षुओं ने ज्ञान और अध्यात्म के प्रसार के लिए यात्राएं की थीं। आज उसी प्राचीन परंपरा को आगे बढ़ाते हुए काशी और वडनगर के बीच सेवा संकल्प बाइक यात्रा की शुरुआत की गई है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनसमूह से मोबाइल की टॉर्च जलवाकर प्रधानमंत्री मोदी को उनके जन्मदिन की बधाई भी दिलाई। कार्यक्रम में मौजूद केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी ने बताया कि यह यात्रा 10 राज्यों के 193 जिलों और 1,159 गांवों से गुजरेगी, जहां प्रतिदिन 60 से 80 स्थानों पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

चिराग पासवान और चंद्रबाबू नायडू के विचार
कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि नरेंद्र मोदी केवल एक प्रधानमंत्री का नाम नहीं, बल्कि भारत के सम्मान और गौरव का प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने देश और विदेश में भारत को एक नई पहचान दिलाई है। वहीं, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने कहा कि काशी की यह पावन धरती नई सोच देती है और प्रधानमंत्री मोदी युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के साथ देश को आत्मनिर्भर बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब देश का अन्नदाता मजबूत होगा, तभी देश भी मजबूत होगा।
यह भी पढ़ें: PM मोदी के 76वें जन्मदिवस पर सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ, 250 बाइकों पर सवार 500 युवा ले रहे हिस्सा