लखनऊ में 23 अगस्त को पीएम पोषण रसोइया सम्मान समारोह होगा। CM योगी 11 रसोइयों को सम्मानित करेंगे और करीब 1500 रसोइए शामिल होंगे। कैशलेस मेडिकल कार्ड भी मिलेंगे।
लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। पीएम पोषण योजना के तहत स्कूलों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले रसोइयों के सम्मान में 23 अगस्त को लखनऊ में विशेष समारोह आयोजित किया जाएगा। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में होने वाले राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 11 रसोइयों को सम्मानित करेंगे, जबकि प्रदेशभर से करीब 1500 रसोइयों की सहभागिता होगी। इस दौरान रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा कार्ड भी वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही जनपद और तहसील स्तर पर भी जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे।
सम्मान के केंद्र में होंगे पीएम पोषण के रसोइए
कार्यक्रम में प्रदेश के राजकीय, परिषदीय एवं अशासकीय सहायता प्राप्त प्राथमिक, उच्च प्राथमिक एवं कम्पोजिट विद्यालयों में पीएम पोषण योजना के अंतर्गत कार्यरत रसोइयों की सहभागिता सुनिश्चित की जा रही है। विद्यालयों में बच्चों के लिए भोजन तैयार करने वाले इन रसोइयों को सम्मान देने के लिए राज्य से लेकर स्थानीय स्तर तक व्यापक तैयारियां की गई हैं।
23 अगस्त को जनपद और तहसील स्तर पर भी आयोजन
राज्य स्तरीय कार्यक्रम के साथ 23 अगस्त को जनपद एवं तहसील स्तर पर भी रसोइया सम्मान समारोह आयोजित किए जाएंगे। इनमें सांसद, मंत्री, विधायक, जिला पंचायत अध्यक्ष और अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन को उपलब्ध सभागारों का उपयोग करते हुए कार्यक्रम आयोजित करने तथा रसोइयों के सम्मान की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।
मुख्यमंत्री के हाथों 11 रसोइयों का सम्मान
राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों मंच पर 11 रसोइयों को सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश के विभिन्न जनपदों से 1500 रसोइयों को कार्यक्रम में सहभागी बनाया जाएगा। उनके आवागमन, आमंत्रण, स्वागत, जलपान एवं भोजन सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए संबंधित अधिकारियों को दायित्व सौंपे गए हैं।
सम्मान के साथ सुविधा और सुरक्षा पर जोर
रसोइयों को कैशलेस कार्ड उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। इसके साथ बैंक और यूपीआई क्यूआर कोड से संबंधित व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएंगी। भोजन तैयार करने के दौरान स्वच्छता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हेड कवर, ग्लव्स एवं एप्रन किट उपलब्ध कराने की तैयारी है।
पीएम पोषण की उपलब्धियां भी होंगी प्रदर्शित
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में पीएम पोषण योजना की उपलब्धियों और रसोइयों के योगदान पर आधारित लघु फिल्म प्रदर्शित की जाएगी। योजना की उपलब्धियों पर आधारित बुकलेट, पोस्टर और फ्लेक्स के माध्यम से भी पीएम पोषण की उपलब्धियों को सामने लाया जाएगा। इससे बच्चों को मिलने वाले पोषण तथा योजना को जमीन पर लागू करने में रसोइयों की भूमिका को सार्वजनिक पहचान मिलेगी।
यह भी पढ़े: सिरोही के मंडार में पुलिसकर्मी और व्यापारियों के बीच विवाद, बाजार बंद कर थाने के बाहर प्रदर्शन