मझौलिया में बड़ी वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कट्टा और कारतूस के साथ सात युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
बेतिया (बिहार): मझौलिया थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे सात युवकों को पुलिस ने हथियार एवं कारतूस के साथ गिरफ्तार कर अपराध पर बड़ी चोट की है। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से एक संभावित घटना टल गई। मामले में मझौलिया थाना कांड संख्या 565/26 दर्ज कर आरोपितों के विरुद्ध आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना
सदर एसडीपीओ-1 अजीत कुमार ने गुरुवार को प्रेस वार्ता में बताया कि बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी, कि बेखबरा बिन टोली वार्ड संख्या-07 में कुछ युवक हथियारों से लैस होकर किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।एसडीपीओ के नेतृत्व में गठित टीम में मझौलिया थानाध्यक्ष अमर कुमार, एसआई अनुज कुमार ओझा, रमेश कुमार सिंह, भूपेंद्र राम तथा थाना रिजर्व पुलिस बल के जवान शामिल थे।
गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी
पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर घेराबंदी कर छापेमारी की और सात युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान नितेश कुमार (19), बिरजन कुमार (22), मिंटू कुमार (19), रंजीत कुमार (25) एवं श्री मुखिया (24) के रूप में हुई है, जो सभी गोपालपुर थाना क्षेत्र के सरगटिया वार्ड संख्या-09 के निवासी हैं। वहीं ललबाबू कुमार (19) गुदरा वार्ड संख्या-01 तथा दिनेश कुमार (19) पालनवा थाना क्षेत्र के लौकरिया वार्ड संख्या-07 का निवासी बताया गया है।
आरोपियों के पास से कट्टा, कारतूस, चाकू तथा मोबाइल फोन बरामद
छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपितों के पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक ड्राइगर चाकू तथा चार एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किए। सभी सामानों को जब्त कर विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार युवकों से गहन पूछताछ की जा रही है। उनके आपराधिक इतिहास, आपसी संबंधों तथा किसी संगठित आपराधिक गिरोह से जुड़े होने के पहलुओं की भी जांच की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के बीच हड़कंप मच गया है, जबकि आम लोगों ने राहत की सांस ली है।
यह भी पढ़ेंः बैतूल के भयावाडी में दर्दनाक हादसा,खेत में फैलाएं करेंट से दो आदिवासी की मौत