प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

आरोपी महिला पहले ही हो चुकी है गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश: आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़: आभूषण ठगी का आरोपी... पैर में गोली लगने से घायल, गिरफ्तार

इन मामलों में कप्तानगंज थाने में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। मामले में प्रकाश में आई महिला आरोपी नीरज उर्फ गुड्डी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।

उत्तर प्रदेश आजमगढ़ में पुलिस मुठभेड़ आभूषण ठगी का आरोपी पैर में गोली लगने से घायल गिरफ्तार

आजमगढ़। कप्तानगंज थाना क्षेत्र में महिलाओं को सरकारी योजनाओं और आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर आभूषण व नकदी ठगने के मामले में पुलिस ने सोमवार की रात मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लगी। घायल आरोपी की पहचान मेहनाजपुर थाना क्षेत्र के बेला कलेशपुर उर्फ किशुनपुर निवासी साहब राम (43) पुत्र स्वर्गीय मुसाफिर के रूप में हुई है। उसे पहले सीएचसी कोयलसा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल आजमगढ़ रेफर कर दिया गया। पुलिस के अनुसार, कप्तानगंज बाजार में एक अक्टूबर और कौड़िया बाजार में पांच अक्टूबर को महिलाओं को सरकारी योजनाओं तथा आवास योजना का लाभ दिलाने का झांसा देकर उनके आभूषण और नकदी ठगने की घटनाएं हुई थीं।

आरोपी महिला पहले ही हो चुकी है गिरफ्तार

ममवरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत 11 और 12 अक्टूबर की मध्यरात्रि प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार पुलिस टीम के साथ पासीपुर नहर पुलिया के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि ठगी के मामले में शामिल साहब राम मोटरसाइकिल से गोपालगंज की ओर से आने वाला है। पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। इसी दौरान मोटरसाइकिल से पहुंचे संदिग्ध को रुकने का इशारा किया गया तो उसने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के मुताबिक, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी और उसे रात करीब 1:30 बजे गिरफ्तार कर लिया गया।

तमंचा, कारतूस और ठगी के आभूषण बरामद

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से .315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु के कान के टॉप्स की एक जोड़ी, मोती की माला सहित एक लॉकेट, 1,350 रुपये नकद और एक टचस्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया। घटना में प्रयुक्त सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध आजमगढ़ और गाजीपुर जनपद में पहले से नौ मुकदमे दर्ज हैं।

इसे भी पढ़ेंः  गोरखपुर में चेकिंग के दौरान अवैध देशी पिस्टल के साथ युवक गिरफ्तार

Related to this topic: