प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

बीमार मां के लिए पुलिस बनी मददगार

बीमार मां को देख पसीजा पुलिस का दिल, इलाज के लिए तुरंत भेजा अस्पताल

डिंडौरी में ट्रैफिक पुलिस ने मानवता दिखाई। बीमार वृद्ध महिला को देखकर कार्रवाई के बजाय तुरंत अस्पताल पहुंचाने में मदद की।

बीमार मां को देख पसीजा पुलिस का दिल इलाज के लिए तुरंत भेजा अस्पताल

Compassionate Police Help Sick Mother |

डिंडौरी: मध्यप्रदेश के डिंडौरी जिले में यातायात पुलिस ने इंसानियत की मिसाल पेश की। वाहन चेकिंग के दौरान एक बीमार वृद्ध महिला की हालत देखकर पुलिस ने चालान या कार्रवाई करने के बजाय पहले उन्हें अस्पताल पहुंचाने को प्राथमिकता दी।

वाहन चेकिंग के दौरान सामने आया मामला

जानकारी के अनुसार, सारंगपुर परडिया निवासी पंचम मरावी अपनी करीब 60 वर्षीय बीमार मां बिसरी बाई को मोटरसाइकिल से इलाज के लिए डिंडौरी लेकर जा रहा था। इसी दौरान जोगी टिकरिया घाट पर यातायात पुलिस नियमित वाहन चेकिंग कर रही थी।

पुलिस कार्रवाई के डर से रुक गया बेटा

पंचम मरावी के पास बाइक के जरूरी दस्तावेज नहीं थे और उसने हेलमेट भी नहीं पहना था। पुलिस कार्रवाई के डर से वह चेकिंग पॉइंट से करीब 100 मीटर पहले ही रुक गया। इस बीच तेज पेट दर्द से परेशान उसकी मां सड़क किनारे गिट्टियों पर ही लेट गईं।

एएसआई ने दिखाई संवेदनशीलता

जब इस घटना की जानकारी यातायात पुलिस में पदस्थ एएसआई राम रूप विश्वकर्मा को मिली तो उन्होंने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए पहले महिला का इलाज कराने को प्राथमिकता दी। उन्होंने पंचम मरावी को किसी भी कानूनी कार्रवाई में उलझाने के बजाय तुरंत मां को अस्पताल ले जाने के निर्देश दिए।

मानवता का दिया संदेश

पुलिस ने युवक को तुरंत चेकिंग पॉइंट से रवाना कर दिया ताकि बीमार महिला का समय पर इलाज हो सके। इस घटना ने यह संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना जरूरी है, लेकिन जरूरत पड़ने पर मानवता सबसे पहले होती है।

यह भी पढ़े: वंदे भारत ट्रेन की चपेट में आने से अज्ञात बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

Related to this topic: