बरेली के मीरगंज क्षेत्र में मामूली विवाद के बाद पति पर पत्नी की सिलबट्टे से हत्या करने का आरोप है। परिजन अंतिम संस्कार कर रहे थे, तभी सूचना पर पहुंची पुलिस ने चिता बुझवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बरेली: बरेली थाना मीरगंज क्षेत्र के गहरवा गांव में मामूली विवाद के बाद पति ने कथित तौर पर पत्नी की सिलबट्टे से सिर कूचकर हत्या कर दी। घटना के बाद परिजन महिला के शव का अंतिम संस्कार करने की तैयारी में जुट गए। इसी बीच पुलिस को घटना की सूचना मिल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जलती चिता से शव को बाहर निकलवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद बढ़ने पर पति जयदेव ने घर में रखे सिलबट्टे से पत्नी के सिर पर वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए और चिता जला दी।
अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को चिता से निकलवाया बाहर
इसी दौरान पुलिस को हत्या की सूचना मिली। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अंतिम संस्कार रुकवाकर शव को चिता से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की सूचना मिलने के बाद गांव में भी हड़कंप मच गया। पुलिस ने आरोपी पति जयदेव को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और हत्या की परिस्थितियों की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी। मामले में पुलिस की ओर से आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ये भी पढ़ें- रीवा में CCTV में बिना चालक के चलती दिखी बाइक, वीडियो से मचा रहस्य