इन्दौर। शहर में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस आरक्षकों को जोरदार टक्कर..M
तेज रफ्तार कार में सवार पुलिसकर्मी ने दूसरे पुलिसकर्मी को मारी टक्कर, दोनों गंभीर घायल
|
इन्दौर। शहर में शुक्रवार देर रात एक तेज रफ्तार कार ने ड्यूटी पर तैनात दो पुलिस आरक्षकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि कार चलाने वाला व्यक्ति भी एक पुलिसकर्मी ही था। बताया जा रहा है कि वह घटना के समय नशे में धुत था। यह हादसा राजेन्द्र नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत बीट बिजलपुर में हुआ। यहाँ आरक्षक प्रमोद त्यागी और भूरालाल जामले की नाइट ड्यूटी रात 10 से सुबह 8 बजे तक लगी थी।
गश्त के दौरान हुआ हादसा
दोनों आरक्षक अपनी बाइक से इलाके में गश्त कर रहे थे। देर रात जब वे दुर्गानगर एबी रोड के पास कुछ देर के लिए रुके थे, तभी एक अनियंत्रित स्विफ्ट कार ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों जवान हवा में उछलकर काफी दूर जा गिरे।
घायलों की स्थिति गंभीर
इस हादसे में आरक्षक भूरालाल जामले को गंभीर चोटें आई हैं। उनके सिर, पेट और पैरों में काफी गहरी चोट लगी है। दोनों घायलों को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहाँ उनका उपचार जारी है।
आरोपी भी पुलिस विभाग में पदस्थ
हादसे के बाद जब स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने कार चालक को पकड़ा, तो उसकी पहचान विजय चौहान के रूप में हुई, जो खुद पुलिस विभाग में कार्यरत है। शुरुआती जाँच और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विजय चौहान शराब के नशे में था और कार पर उसका नियंत्रण नहीं था। पुलिस ने आरोपी चालक को मौके से हिरासत में ले लिया है और मामले की जाँच शुरू कर दी है।
हाल ही में एक अन्य हादसे से निकले थे
घायल आरक्षक प्रमोद त्यागी के बारे में बताया जा रहा है कि वे हाल ही में एक अन्य हादसे ग्वालियर में हुई लूट और गोलीबारी की घटना से उबरकर ड्यूटी पर वापस लौटे थे, लेकिन इस सड़क हादसे ने उन्हें फिर से अस्पताल पहुँचा दिया।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/india/india-brings-gold-from-london-reserves-fall/182137