शाजापुर में कुल 6,767 छात्रों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था, जिनमें से 4,080 विद्यार्थियों ने 30 अगस्त 2026 को चयन परीक्षा दी और मेरिट के आधार पर 1,751 छात्र-छात्राओं को चुना गया।
शाजापुर: प्रदेश के प्रतिभावान विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गुरुवार को शाजापुर जिले में प्रतिभा मंदिर प्रकल्प योजना का शुभारंभ किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत डॉ. भीमराव अंबेडकर सांदीपनि हायर सेकंडरी विद्यालय, गुलाना में आयोजित कार्यक्रम में उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।
योजना को लेकर विद्यार्थियों में देखने को मिला खासा उत्साह
कार्यक्रम में जिले के शासकीय एवं अशासकीय विद्यालयों से चयनित 1751 छात्र-छात्राएं एवं उनके अभिभावक मौजूद रहे। उच्च शिक्षा विभाग एवं ABPUA के संयुक्त तत्वावधान में संचालित इस प्रकल्प के तहत कक्षा 9वीं एवं 11वीं के प्रतिभावान विद्यार्थियों को जेईई एवं नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। शाजापुर जिले को इस योजना के लिए पायलट प्रोजेक्ट के रूप में चुना गया है। जिले के विद्यार्थियों में योजना को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
6767 विद्यार्थियों ने कराया था पंजीयन
योजना के तहत जिले में कुल 6767 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन पंजीयन कराया था। इनमें से 4080 विद्यार्थियों ने 30 अगस्त 2026 को आयोजित चयन परीक्षा में सहभागिता की। परीक्षा के परिणाम और मेरिट के आधार पर 1751 विद्यार्थियों का निःशुल्क प्रशिक्षण के लिए चयन किया गया है। चयनित विद्यार्थियों को कार्यक्रम के दौरान प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
मंत्री इंदर सिंह परमार ने शिक्षा के महत्व पर दिया जोर
मंत्री इंदर सिंह परमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित अध्ययन, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति निरंतर मेहनत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विद्यार्थियों को उचित मार्गदर्शन और संसाधन उपलब्ध कराना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से प्रतिभावान विद्यार्थियों को निःशुल्क प्रशिक्षण की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।
ये भी पढ़ें- रीवा में प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे कांग्रेस विधायक को अपने साथ ले गई पुलिस