पुणे के COEP हॉस्टल में राहुल गांधी के कार्यक्रम से ठीक पहले ABVP और NSUI कार्यकर्ताओं के बीच हुई झड़प। पुलिस ने दर्ज की FIR, जानें पूरा मामला।
पुणे (महाराष्ट्र)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी के पुणे में होने वाले 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम से पहले COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल गेट के बाहर ABVP कार्यकर्ताओं और नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) के सदस्यों के बीच तनाव भड़क उठा। ABVP कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को हॉस्टल गेट के बाहर राहुल गांधी के खिलाफ नारेबाजी की और विरोध में सड़क जाम करने की कोशिश की।
पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया
मौके पर पहुंची पुलिस ने झड़प में शामिल कई लोगों को हिरासत में लिया है। पुणे के डीसीपी हसन गौहर ने शुक्रवार रात बताया, "हमें दो गुटों के बीच झड़प की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंचने पर हमने कुछ लोगों को नारेबाजी करते और सड़क जाम करने की कोशिश करते हुए पाया। उन्हें हिरासत में लिया गया है और आगे की जांच जारी है।"
यूथ कांग्रेस ने ABVP पर लगाए गंभीर आरोप
इस घटना के बाद महाराष्ट्र यूथ कांग्रेस ने 'एक्स' पर पोस्ट करके ABVP कार्यकर्ताओं पर शहर के कॉलेजों में महिलाओं को परेशान करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इन गुंडों का सामना करने के लिए तैयार हैं। पोस्ट में लिखा था, "राहुल गांधी जी की ऐतिहासिक पुणे रैली से ठीक पहले, ABVP के गुंडे कॉलेजों और हॉस्टलों में जाकर हमारी बेटियों को धमका रहे हैं, उन्हें बंधक बना रहे हैं और उनकी पिटाई कर रहे हैं, लेकिन अब उन्हें यह गलती करने की हिम्मत नहीं करनी चाहिए, क्योंकि कांग्रेस कार्यकर्ता अब उन्हें उन्हीं की भाषा में जवाब देने के लिए तैयार हैं।"
छह नामजद समेत 50-60 लोगों पर मामला दर्ज
इस बीच, पुणे पुलिस ने शनिवार को बताया कि शिवाजीनगर में COEP टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी हॉस्टल में एक ABVP स्टूडेंट पर कथित हमले के संबंध में 6 नामजद लोगों और लगभग 50-60 कथित NSUI और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि यह मामला 21 वर्षीय छात्र मल्हार नीलेश पाटिल की शिकायत पर शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है।
COEP हॉस्टल में हुई थी झड़प
शिकायत के मुताबिक, शुक्रवार को COEP हॉस्टल में कथित तौर पर दबाव डालकर एक छात्र का वीडियो बयान लिया गया था। पाटिल, ABVP सदस्यों के साथ, कथित तौर पर मामले की जांच करने और चर्चा करने के लिए हॉस्टल गए थे। शिकायत करने वाले ने आरोप लगाया कि जब वे हॉस्टल पहुंचे, तो पुष्कर आवनावे, भूषण रणभीरे, अक्षय जैन, सौरभ अमराले, सागर धडवे और प्रथमेश आवनावे ने NSUI और यूथ कांग्रेस से जुड़े करीब 50-60 कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की।
शिवाजीनगर पुलिस कर रही पूरे मामले की जांच
पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) और महाराष्ट्र पुलिस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। यह घटना कथित तौर पर शुक्रवार रात 8:30 बजे से 11 बजे के बीच पुणे के शिवाजीनगर स्थित COEP हॉस्टल में घटी। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है।
(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)
यह भी पढ़ें: पुणे में राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम को मिली सशर्त हरी झंडी, जानें क्या हैं कड़े नियम