पंजाब के होशियारपुर की उम्मत एग्री एलाइड कोऑपरेटिव सोसाइटी (Ummat Agri Allied Cooperative Society) की ताज़ा लीची को पहली बार ओमान एक्सपोर्ट किया गया है।
नई दिल्ली/पंजाब। भारतीय कृषि क्षेत्र के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और ऐतिहासिक कामयाबी सामने आई है। पंजाब के होशियारपुर की उमट एग्री एलाइड कोऑपरेटिव सोसाइटी (Ummat Agri Allied Cooperative Society) की ताज़ा लीची को पहली बार ओमान एक्सपोर्ट किया गया है। यह खेप पंजाब के फल उत्पादकों के लिए एक नया अध्याय शुरू करने वाली है, जिसने खाड़ी (गल्फ) देशों के बाजार में भारतीय कृषि उत्पादों की पहुंच और धाक को और मजबूत कर दिया है।
कैसे मुमकिन हुआ यह ऐतिहासिक एक्सपोर्ट?
इस सफल व्यापारिक डील को कृषि और प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण (APEDA) की देखरेख और रणनीतिक प्रयासों के जरिए अमलीजामा पहनाया गया है। पंजाब की लीची को ओमान के बाजारों तक पहुंचाने का यह रास्ता भारत-ओमान व्यापक आर्थिक भागीदारी समझौते (CEPA) के कारण खुला है। इस द्विपक्षीय समझौते ने भारतीय कृषि उत्पादों के लिए ओमान में बाजार तक रणनीतिक पहुंच को बेहद आसान और सुलभ बना दिया, जिसके बाद अपेडा ने इस अवसर का लाभ उठाते हुए होशियारपुर की इस सहकारी समिति के साथ मिलकर इस ऐतिहासिक एक्सपोर्ट को अंजाम दिया।
केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की सराहना
केंद्रीय वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर इस बड़ी कामयाबी की सराहना की है। केंद्रीय मंत्री ने अपनी पोस्ट में लिखा, "खेतों से खाड़ी देशों तक, पंजाब की लीची ने रचा नया इतिहास। APEDA की पहल से Ummat Agri Allied Cooperative Society, होशियारपुर की ताज़ी लीची का पहली बार ओमान को निर्यात हुआ। भारत–ओमान CEPA के अंतर्गत मिले बाज़ार अवसरों का लाभ उठाते हुए यह पहल किसानों की आय बढ़ाने, कृषि निर्यात को गति देने और भारतीय कृषि उत्पादों की वैश्विक पहचान को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
पीयूष गोयल ने स्थानीय स्तर पर खेती करने वाले किसानों के लिए इस व्यापार समझौते के व्यापक आर्थिक फायदों और दूरगामी असर को भी रेखांकित किया। पंजाब से हुए इस ऐतिहासिक निर्यात के समानांतर ही भारतीय कृषि की वैश्विक पहुंच का दायरा और अधिक विस्तृत हुआ है, जहां पूर्वोत्तर भारत (Northeast India) से भी एक बड़ी खेप को अंतरराष्ट्रीय बाजार के लिए रवाना किया गया है।
(यह खबर ANI से सीधे संपादित की गई है।)
यह भी पढ़ें: उज्जैन में जमीन विवाद पर महिला से बर्बरता: बाल काटे, जूतों की माला पहनाकर घुमाया; 3 गिरफ्तार