रायबरेली ने अगस्त माह की प्रदेश स्तरीय रैंकिंग में अभिभावक-आंगनबाड़ी बैठकों के सफल आयोजन में उत्तर प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है।
रायबरेली: जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देशन में रॉकेट लर्निंग एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार (ICDS) विभाग के संयुक्त तत्वावधान में रायबरेली ने बाल विकास के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश स्तर पर जारी अगस्त माह के मूल्यांकन में रायबरेली जनपद ने अभिभावक-आंगनबाड़ी बैठकों के सफल आयोजन में पूरे उत्तर प्रदेश में पहला स्थान प्राप्त किया है।
99% केंद्रों पर अभिभावक सहभागिता
जनपद के 99 प्रतिशत आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभिभावक-आंगनबाड़ी बैठक का सफल आयोजन कर यह मुकाम हासिल किया गया है। इन बैठकों में अभिभावकों की व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की गई, जहां बच्चों के शारीरिक, मानसिक, सामाजिक एवं भावनात्मक विकास से जुड़े विषयों पर सीधा संवाद हुआ।
घर-आंगनबाड़ी समन्वय से बच्चों के विकास को बढ़ावा
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार ने बताया कि इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य घर और आंगनबाड़ी केंद्र के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना है। रॉकेट लर्निंग एवं बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के साझा प्रयासों से अभिभावकों को बच्चों के सीखने की गतिविधियों, सही पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा में सक्रिय भागीदारी के लिए लगातार प्रेरित किया जा रहा है।
टीम वर्क से जिले ने हासिल किया प्रदेश में शीर्ष स्थान
जिला कार्यक्रम अधिकारी ने इस उपलब्धि को जिला स्तरीय टीम का साझा परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि अगस्त माह की रैंकिंग में प्रदेश में शीर्ष स्थान हासिल करना आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, बाल विकास परियोजना अधिकारियों और मुख्य सेविकाओं के अथक प्रयास और टीम वर्क का नतीजा है।
बेहतर बाल विकास सेवाओं के लिए टीम को मिली बधाई
सभी कार्मिकों ने अपने दायित्वों का सजगता से निर्वहन करते हुए सरकारी योजनाओं और रचनात्मक गतिविधियों का लाभ अंतिम बच्चे तक पहुंचाया है। DPO ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरी टीम, सीडीपीओ, सुपरवाइजरों और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य और गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा के लिए किया जा रहा यह कार्य अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण और टीम भावना के साथ काम करते हुए रायबरेली को बाल विकास एवं पोषण सेवाओं के क्षेत्र में निरंतर अग्रणी बनाए रखने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें- सादाबाद में आज होगी किसान महापंचायत, राकेश टिकैत करेंगे संबोधित