दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी ने हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से तीखे राजनीतिक बयान दिए।
रायबरेली (उत्तर प्रदेश)। दो दिवसीय दौरे पर रायबरेली पहुंचे राहुल गांधी ने हनुमान मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया, जिसके बाद उन्होंने मीडिया से तीखे राजनीतिक बयान दिए। आरोप लगाया कि देश में अडानी-अंबानी आधारित आर्थिक ढांचा जल्द ढह सकता है और इसका सबसे बड़ा असर उत्तर प्रदेश के युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों पर पड़ेगा।
प्रसिद्ध चूरूआ हनुमान मंदिर में किए दर्शन
दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली पहुंचे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने आते ही सियासी पारे को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है। राहुल गांधी ने बछरांवा स्थित प्रसिद्ध चूरूआ हनुमान मंदिर में बजरंगबली के दर्शन किए, गदा चूमी और पूजा-अर्चना कर आशीर्वाद लिया। लेकिन मंदिर की चौखट से बाहर निकलते ही राहुल के तेवर पूरी तरह तल्ख नजर आए। मीडिया से मुखातिब होते हुए उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था को लेकर एक ऐसी भविष्यवाणी कर दी है, जिसने सियासी गलियारों में खलबली मचा दी है।
'अंबानी-अडानी का ढांचा बिखरेगा, यूपी को लगेगा बड़ा झटका'
राहुल गांधी ने देश में गंभीर आर्थिक संकट का दावा करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अब तक का सबसे तीखा हमला बोला। राहुल ने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि देश में अब एक बड़ा आर्थिक तूफान आ रहा है। प्रधानमंत्री मोदी ने जो अदाणी और अंबानी वाला ढांचा तैयार किया है, वह अब टिकने वाला नहीं है। वह खड़ा नहीं रहेगा, बल्कि पूरी तरह ताश के पत्तों की तरह ढह जाएगा।
उत्तर प्रदेश को बताया आर्थिक मंदी का सबसे बड़ा शिकार
राहुल यहीं नहीं रुके, उन्होंने इस आर्थिक मंदी का सबसे बड़ा शिकार उत्तर प्रदेश को बताया। कांग्रेस नेता ने कहा कि दुख की बात यह है कि इस आर्थिक मंदी का नुकसान देश की आम जनता को भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता को बहुत बड़ा शॉक (झटका) लगने वाला है। यह आर्थिक शॉक अंबानी, अडानी या पीएम मोदी को नहीं लगेगा, बल्कि यूपी के युवाओं, किसानों और छोटे व्यापारियों को बर्बाद कर देगा। बहुत कठिन समय आ रहा है।
पीएम मोदी की विदेश यात्राओं पर तंज
प्रधानमंत्री मोदी की नीतियों और बयानों पर चुटकी लेते हुए राहुल गांधी ने उनके विरोधाभासों को जनता के सामने रखा। राहुल ने कहा कि जब देश के हालात बिगड़ रहे हैं, तो एक्शन लेने के बजाय प्रधानमंत्री अजीब नसीहतें दे रहे हैं। प्रधानमंत्री कह रहे हैं कि विदेश यात्रा पर मत जाइए जबकि प्रधानमंत्री मोदी खुद पूरी दुनिया के चक्कर काट रहे हैं।
चुनावी गढ़ में राहुल के तेवर, गर्माई सूबे की सियासत
राहुल गांधी का यह बयान ऐसे समय में आया है जब देश में रोजगार और महंगाई को लेकर विपक्ष लगातार हमलावर है। हनुमान जी के दर्शन कर 'संकटमोचक' का आशीर्वाद लेने के तुरंत बाद राहुल का यह 'आर्थिक तूफान' वाला बयान यूपी की सियासत में नया भूचाल लाने के लिए काफी है। अब देखना यह है कि भाजपा राहुल के इस तीखे 'शॉक ट्रीटमेंट' वाले बयान पर क्या पलटवार करती है।
यह भी पढ़ें: https://www.primenewsnetwork.in/state/delhi-ncr-cab-drivers-announce-3-day-strike-over-fuel-prices/206114
दिल्ली-NCR में 21 मई से 23 मई तक ऑटो-टैक्सी की हड़ताल, किराया बढ़ाने की मांग