प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

राहुल गांधी को कोर्ट से राहत

राहुल गांधी मानहानि केस में बरी, यूपी कांग्रेस ने बताया सत्य की जीत; पार्टी में जश्न का माहौल

सुलतानपुर एमपी-एमएलए कोर्ट ने राहुल गांधी को मानहानि मामले से बरी कर दिया है। फैसले के बाद यूपी कांग्रेस में जश्न का माहौल है।

राहुल गांधी मानहानि केस में बरी यूपी कांग्रेस ने बताया सत्य की जीत पार्टी में जश्न का माहौल

President of the Uttar Pradesh Congress Committee Aradhana Mishra ‘Mona’ (File Photo) |

लखनऊ (उत्तर प्रदेश)। सुलतानपुर की एमपी-एमएलए कोर्ट द्वारा सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को मानहानि के एक मामले में बरी करते हुए केस खारिज किए जाने के अदालत के फैसले के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी में भारी उत्साह और जश्न का माहौल है। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष और विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने न्यायालय के इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे सत्य की जीत बताया है। 

उन्होंने कहा कि आज का दिन पार्टी के लिए गर्व का विषय है। उनके अनुसार, इस फैसले ने भारतीय जनता पार्टी द्वारा फैलाए गए झूठ और मानहानि की साजिश का पूरी तरह पर्दाफाश कर दिया है।

लखनऊ एयरपोर्ट पर हुआ जोरदार स्वागत

सुलतानपुर जाते समय राहुल गांधी के लखनऊ एयरपोर्ट पहुंचने पर सियासी हलचल तेज हो गई। यूपी कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ के नेतृत्व में वरिष्ठ नेताओं और सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाएं पहनाकर और गगनभेदी नारे लगाकर उनका समर्थन जाहिर किया।

एयरपोर्ट पर स्वागत करने वालों में राज्यसभा में उपनेता प्रमोद तिवारी, पूर्व सांसद पी.एल. पुनिया, विधानमंडल दल के नेता वीरेन्द्र चौधरी, और सह-प्रभारी अब्दुल हन्नान समेत कई दिग्गज नेता मौजूद रहे।

रास्ते भर उमड़ा जनसैलाब

लखनऊ से सुलतानपुर के सफर के दौरान रास्ते में जगह-जगह कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में भारी उत्साह देखा गया। मार्ग के विभिन्न पड़ावों पर लोगों ने राहुल गांधी के काफिले का इंतजार किया और उनके समर्थन में जोरदार नारे बाजी की। राहुल गांधी ने भी रास्ते भर और सुलतानपुर में मौजूद हजारों समर्थकों का अभिवादन स्वीकार किया।

प्रदेश कार्यालय में बंटी मिठाइयां

अदालत से राहत मिलने की खबर मिलते ही राजधानी लखनऊ स्थित प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में खुशी की लहर दौड़ गई। अपराह्र के समय आराधना मिश्रा मोना के नेतृत्व में कांग्रेसजनों ने एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और इस बड़ी कानूनी राहत का जश्न मनाया।

यह भी पढ़ें: पीएम मोदी के पिता पर टिप्पणी को लेकर कमलेश पासवान का खड़गे पर हमला

Related to this topic: