प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

राजस्थान में रक्षाबंधन पर फ्री होगी यात्रा

राजस्थान सरकार का महिलाओं को राखी तोहफा, दो दिन फ्री होगी यात्रा

रक्षाबंधन पर राजस्थान रोडवेज महिलाओं को बड़ी राहत देते हुए 28 और 29 अगस्त को राजस्थान सीमा में दो दिवसीय नि:शुल्क यात्रा की सुविधा देगी। इससे महिलाओं को सुगम आवागमन में मदद मिलेगी।

राजस्थान सरकार का महिलाओं को राखी तोहफा दो दिन फ्री होगी यात्रा

राजस्थान में रक्षाबंधन पर फ्री होगी यात्रा |

झालावाड़: रक्षाबंधन पर्व पर भाइयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए आने-जाने वाली महिलाओं को राजस्थान रोडवेज की ओर से बड़ी राहत दी जाएगी। रोडवेज निगम की ओर से 28 और 29 अगस्त को राजस्थान की सीमा में महिलाओं को दो दिवसीय नि:शुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इस संबंध में आदेश झालावाड़ रोडवेज डिपो को प्राप्त हो गए हैं।

पात्र महिलाओं को मिलेगा लाभ

रोडवेज़ में रोजाना बड़ी संख्या में यात्री सफर करते हैं, जिनमें करीब 40 प्रतिशत महिलाएं होती हैं। ऐसे में रक्षाबंधन के दौरान जिले की बड़ी संख्या में महिलाओं और बालिकाओं को इस सुविधा का लाभ मिलेगा। पात्र महिला यात्रियों को नि:शुल्क टिकट उपलब्ध कराने और योजना के सुचारू संचालन के लिए डिपो प्रशासन ने विशेष निगरानी व्यवस्था की है।

25 से 31 अगस्त तक चलाया जाएगा अभियान

रोडवेज की ओर से जिले में 25 से 31 अगस्त तक विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत तीन प्रमुख स्थानों पर चेक पोस्ट स्थापित की जाएंगी। प्रत्येक चेक पोस्ट पर रोडवेज के दो-दो कर्मचारी तैनात रहेंगे, जो बसों के संचालन, महिला यात्रियों को नि:शुल्क टिकट जारी करने और योजना के क्रियान्वयन की निगरानी करेंगे। 

मशीन से ही दिए जाएंगे नि:शुल्क टिकट

कोटा रोड पर देवरीघटा, अकलेरा-मनोहरथाना मार्ग पर तीनधार और भवानीमंडी-डग क्षेत्र के लिए शहर के पास कपासिया कुआं क्षेत्र में चेक पोस्ट स्थापित की जाएगी। रोडवेज मुख्य प्रबंधक पवन कुमार सैनी ने बताया कि रक्षाबंधन के अवसर पर महिला यात्रियों की सुविधा को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। महिलाएं ऑनलाइन टिकट बुकिंग की सुविधा का भी लाभ ले सकेंगी। इसके अलावा बसों में टिकट मशीन के माध्यम से नि:शुल्क टिकट जारी किए जाएंगे।

सुगम आवागमन में मददगार साबित होगी फ्री यात्रा 

रक्षाबंधन पर बड़ी संख्या में महिलाएं मायके और ससुराल के बीच यात्रा करती हैं। ऐसे में रोडवेज की नि:शुल्क यात्रा सुविधा उन्हें आर्थिक राहत देने के साथ ही त्योहार के दौरान सुगम आवागमन में भी मददगार साबित होगी। तीनों चेक पोस्ट के माध्यम से रोडवेज प्रशासन पूरी व्यवस्था पर लगातार नजर रखेगा, ताकि अधिक से अधिक पात्र महिला यात्री योजना का लाभ उठा सकें। 

ये भी पढ़ें- चीनी की कमी की अफवाहों के बीच डीएम का आश्वासन, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध
 

Related to this topic: