बाराबंकी में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सामने नाले में सफाईकर्मी का शव मिला। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और मौत के कारण की जांच जारी है।
बाराबंकी (उत्तर प्रदेश)। नगर कोतवाली क्षेत्र में बुधवार सुबह राजकीय बालिका इंटर कॉलेज के सामने नाले में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सुबह करीब 7:30 बजे राहगीरों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी तो उन्होंने आसपास के लोगों को सूचना दी। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नाले से बाहर निकलवाया।
सफाईकर्मी के रूप में हुई मृतक की पहचान
पुलिस ने मृतक की पहचान नगर पालिका परिषद नवाबगंज में सफाईकर्मी के पद पर कार्यरत चंदन के रूप में की। शव की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों के अनुसार चंदन मंगलवार शाम करीब पांच बजे घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटा। काफी तलाश करने के बावजूद उसका पता नहीं चल सका था। बुधवार सुबह नाले में शव मिलने की सूचना से परिवार में कोहराम मच गया।
शराब के नशे में नाले में गिरने की आशंका
मृतक की पत्नी कोमल ने पुलिस को बताया कि चंदन शराब का सेवन करता था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह आशंका सामने आई है कि संभवतः शराब के नशे में वह नाले में गिर गया और पानी में डूबने से उसकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट से मौत की वजह होगी स्पष्ट
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र की जानकारी जुटाकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।चंदन अपने पीछे पत्नी कोमल और दो बेटियों का परिवार छोड़ गया है। शव मिलने के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना को लेकर आसपास के लोगों में भी चर्चा बनी हुई है।
यह भी पढ़ें: फूल तोड़ने निकली महिला की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत