अहमदाबाद के आनंदनगर इलाके में महिला से कथित दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को घटना के कुछ घंटों बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया।
अहमदाबाद: पुलिस ने रविवार को बताया कि अहमदाबाद के आनंदनगर पुलिस थाना क्षेत्र में आवासीय भवन की छत पर एक महिला के साथ कथित बलात्कार के मामले में एक सुरक्षा गार्ड को गिरफ्तार किया गया है। अहमदाबाद पुलिस के सेक्टर 1 के जेसीपी नीरज बडगुजर ने बताया कि चार दिन पहले ही सुरक्षा गार्ड के रूप में नियुक्त हुए आरोपी ने कथित तौर पर पीड़िता का गला घोंटकर उसके साथ बलात्कार किया और फिर मौके से फरार हो गया।
पुलिसकर्मी और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर तुरंत शुरू की जांच
नीरज बडगुजर ने कहा, कल रात आनंदनगर पुलिस थाना क्षेत्र में बलात्कार की एक दुखद घटना घटी। पीड़िता रात में अपने भवन की छत पर गई थी। इस दौरान आरोपी ने उसका गला घोंटकर उसके साथ बलात्कार किया। इसके बाद उसने पीड़िता को छत पर बंद कर दिया और फरार हो गया। उन्होंने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस दल तुरंत मौके पर पहुंचा और जांच शुरू की। इसके साथ ही कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिसकर्मी और अधिकारी तुरंत मौके पर पहुंचे और एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की। इस बीच आरोपी ने अपना फोन बंद कर दिया और फरार हो गया।
कैसे गिरफ्तार किया गया आरोपी
नीरज बडगुजर ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के लिए स्थानीय पुलिस, स्थानीय अपराध शाखा और अपराध शाखा की 10 टीमें तैनात की गई थीं। इसके साथ ही उन्होंने इलाके की गहन तलाशी ली और सभी उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज की जांच की, जिसके बाद आरोपी को सुबह करीब 07 से 08 बजे के बीच गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंन बताया कि फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और उसकी चिकित्सा जांच की प्रक्रिया चल रही है।
सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ होगी कार्रवाई
पुलिस ने बताया कि आरोपी उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले का रहने वाला है जो विभिन्न कंपनियों में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करता था। नीरज बडगुजर ने कहा, हम सुरक्षा एजेंसी के खिलाफ भी कार्रवाई करेंगे। बलात्कार के संबंध में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। मामले की आगे की जांच भी जारी है।
(इनपुट: ANI)
ये भी पढ़़ें- परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इनकार, राष्ट्रीय हिंदू सेना ने निभाया इंसानियत का फर्ज