प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

अस्पताल से 15 मरीजों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा, अस्पताल के ICU में आग लगने से 7 लोगों की मौत

बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा अस्पताल के icu में आग लगने से 7 लोगों की मौत

हादसे के बाद रोते-बिलखते परिजन |

Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा हो गया। शहर के ब्रह्मपुरा इलाके के प्रसाद हॉस्पिटल में तड़के सुबह भीषण आग लगने से 7 लोगों की मौत हो गई। हादसे में मौतों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है...

अस्पताल परिसर में मची भगदड़

अस्पताल के आईसीयू वार्ड में आग लगने के बाद देखते ही देखते पूरे अस्पताल में धुएं का गुबार भर गया। अस्पताल परिसर से बाहर निकलने की होड़ में भगदड़ मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। 

सुरक्षित निकाले गए 15 बेसुध मरीज

हादसे की सूचना मिलते ही दमकल विभाग के साथ पुलिस और जिले के कई बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने मशक्कत के बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया। हादसे में दर्जनभर से अधिक मरीज घायल हुए हैं। मौके पर पहुंचे 15 बेसुध मरीजों को दमकलकर्मियों ने खिड़कियां और दरवाजे तोड़कर सुरक्षित बाहर निकाला। बाहर निकाले गए कई मरीजों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी मरीजों को तुरंत दूसरे सुरक्षित स्थानों और अस्पतालों में शिफ्ट किया गया है। 

मरीजों के परिजनों का फूटा गुस्सा

हादसे के बाद अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ मरीजों के परिजनों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर संवेदनहीनता के आरोप लगाए हैं। परिजन का कहना है कि घटना के बाद अस्पताल के डॉक्टर और कर्मचारी मौके से फरार हो गए। 

मौके पर पहुंचे जिले के बड़े अधिकारी

मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि प्रसाद अस्पताल के आईसीयू वार्ड में देर रात करीब दो बजे भीषण आग लग गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 5 से अधिक लोगों की मौत की खबर है, जबकि 20 से अधिक लोग हताहत हुए हैं। शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी इस आग के बाद पूरे अस्पताल में धुआं फैल गया और भगदड़ मच गई। दमकलकर्मियों ने 15 से अधिक बेसुध मरीजों को बाहर निकालकर दूसरे अस्पतालों में शिफ्ट किया है। मौके पर राहत कार्य जारी है। 

यह भी पढ़ें: आज केरल पहुंचेगा मानसून, IMD ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
यह भी पढ़ें: पंचकूला में शूटआउट: गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग के शूटरों का वार्ड पार्षद के देवर पर जानलेवा हमला, देखें वीडियो

Related to this topic: