शाजापुर के अकोदिया रेलवे स्टेशन के पास मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। जीआरपी-आरपीएफ ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की।
शाजापुर {मध्यप्रदेश}: जिले के अकोदिया रेलवे स्टेशन से कुछ दूरी पर बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में मालगाड़ी की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अकोदिया सिविल अस्पताल भिजवाया। युवक की पहचान होने के बाद परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई।
लोको पायलट की सूचना पर पहुंची पुलिस
जीआरपी के राकेश गुप्ता ने बताया कि बुधवार सुबह मालगाड़ी के लोको पायलट ने सूचना दी कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति मालगाड़ी की चपेट में आ गया है। सूचना मिलते ही आरपीएफ चौकी प्रभारी अरुण यादव तथा संदीप कपूर सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा। घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
जांच के बाद हुई युवक की पहचान
शुरुआत में मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर उसकी शिनाख्त के प्रयास किए। बाद में सुबह करीब 11 बजे मृतक की पहचान अकोदिया निवासी अर्पित मेहता (38), पिता विजय कुमार मेहता के रूप में हुई। सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंचे। युवक की असामयिक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल हो गया, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव
अकोदिया सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद दोपहर करीब 12 बजे शव परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया। जीआरपी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना दुर्घटनावश हुई या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
यह भी पढ़े: सिंगरौली में विकास कार्य बना मुसीबत, बारिश में तालाब बना रेलवे अंडरब्रिज; लोगों की जान जोखिम में