मुरैना के सिटी कोतवाली के ठीक सामने कुछ लोगों ने एक तेज रफ्तार कार से बाइक को टक्कर मारकर उसे करीब 50 फीट तक घसीटा और फिर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया।
मुरैना (मध्य प्रदेश)। शहर में आपसी विवाद के बाद हमले का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में तेज रफ्तार कार बाइक को टक्कर मारती दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद बाइक करीब 50 फीट तक सड़क पर घिसटती नजर आती है। इसके बाद कार से कुछ लोग लाठी-डंडे लेकर उतरते हैं और बाइक सवारों पर सड़क पर ही हमला करते दिखाई दे रहे हैं।
एमएस रोड पर कोतवाली के सामने की घटना
घटना रात सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के एमएस रोड पर कोतवाली के सामने की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार इस्लामपुरा क्षेत्र में मुस्लिम समाज के दो गुटों के बीच विवाद के दौरान लाठी-डंडे चलने और पथराव की घटना हुई थी। इसी विवाद के बाद वकील कुरैशी अपने दो साथियों के साथ सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे थे। आरोप है कि कोतवाली से बाहर निकलने के बाद एमएस रोड पर पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने उनकी बाइक को कार से टक्कर मार दी और इसके बाद लाठी-डंडों से हमला किया।
घटना का CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल
घटना से जुड़ा CCTV फुटेज अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। फुटेज में कार की टक्कर और उसके बाद हमलावरों द्वारा बाइक सवारों के साथ मारपीट किए जाने का दृश्य दिखाई दे रहा है। हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। घायलों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब वायरल CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत: मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप