श्रावस्ती के भिनगा-बहराइच फोरलेन पर बाइक डिवाइडर से टकराने से युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
श्रावस्ती (उत्तर प्रदेश)। भिनगा-बहराइच फोरलेन पर शनिवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा शाम करीब चार बजे भिनगा कोतवाली क्षेत्र में कलेक्ट्रेट गेट के पास हुआ। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराई
प्राप्त जानकारी के अनुसार भिनगा कोतवाली क्षेत्र के आनंदीपुरवा गांव निवासी 35 वर्षीय ओम प्रकाश विश्वकर्मा शनिवार को अपने गांव के ही रामफल यादव के साथ बाइक से भिनगा आए थे। काम निपटाने के बाद दोनों बाइक से वापस गांव लौट रहे थे। कलेक्ट्रेट गेट के पास भिनगा-बहराइच फोरलेन पर अचानक एक बाइक सवार सामने आ गया। बताया जा रहा है कि सामने आए बाइक सवार को बचाने के प्रयास में ओम प्रकाश ने बाइक से नियंत्रण खो दिया। अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे बने डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
अस्पताल में युवक ने तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भिनगा पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद ओम प्रकाश विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल रामफल यादव का उपचार शुरू कर दिया गया। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव
चिकित्सकों की सूचना पर सिविल लाइन चौकी प्रभारी अस्पताल पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ओम प्रकाश की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। अचानक हुए इस हादसे से गांव में भी शोक का माहौल है। पुलिस दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: जौनपुर में मारपीट और जान से मारने की धमकी के मामले में भाई-बहन गिरफ्तार