सिंगरौली में कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस ने रातभर नाइट कॉम्बिंग गश्त चलाकर 277 बदमाशों और आरोपियों पर कार्रवाई की।
Singrauli Police Launch Major Night Combing Operation, Crack Down on 277 Offenders |
सिंगरौली (मध्य प्रदेश)। जिले में कानून व्यवस्था को पुख्ता करने और खौफ का पर्याय बने अपराधियों पर नकेल कसने के लिए सिंगरौली पुलिस ने बीती रात व्यापक स्तर पर 'नाइट कॉम्बिंग गश्त' अभियान चलाया। पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से जहां अपराधियों और वारंटियों में हड़कंप मच गया, वहीं आम नागरिकों में सुरक्षा का अहसास मजबूत हुआ है। पूरी कार्रवाई में 277 शातिर बदमाशों और आरोपियों पर शिकंजा कसा गया है।
तकनीकी शाखा की मदद से रणनीतिक कट-ऑफ पार्टियां बनाकर घेराबंदी
रीवा जोन के पुलिस महानिरीक्षक गौरव राजपूत एवं डीआईजी हेमंत चौहान के निर्देश पर, पुलिस अधीक्षक षियाज़ के.एम. और एएसपी सर्वप्रिय सिन्हा के मार्गदर्शन में जिलेभर में औचक कॉम्बिंग गश्त की रणनीति तैयार की गई। अनुभागीय पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में थानों, चौकियों और पुलिस लाइन के बल ने तकनीकी शाखा की मदद से रणनीतिक कट-ऑफ पार्टियां बनाकर घेराबंदी की।
कुल 117 आरोपी को लिया हिरासत में
रातभर चले इस महा-अभियान में पुलिस टीमों ने संवेदनशील इलाकों, हाईवे, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान 25 लंबे समय से फरार चल रहे स्थाई वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। 117 गिरफ्तारी को हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई। 66 निगरानी बदमाशों और 69 गुंडा बदमाशों के ठिकानों पर दबिश देकर उनकी गतिविधियों की बारीकी से जांच की गई।
संदिग्ध युवकों को पुलिस ने सख्त चेतावनी देकर खदेड़ा
कार्रवाई के दौरान प्रमुख चौराहों, बैंकों और एटीएम परिसरों का औचक निरीक्षण किया गया। देर रात सन्नाटे में बिना वजह घूम रहे संदिग्ध युवकों को पुलिस ने सख्त चेतावनी देकर खदेड़ा। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, रात्रिकालीन अपराधों पर अंकुश लगाने और जिले में शांति का माहौल बनाए रखने के लिए इस तरह के औचक कॉम्बिंग ऑपरेशन आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
यह भी पढ़ेंः सिंगरौली के CHC निवास में सफाई कर्मी मरीजों को लगाता दिखा इंजेक्शन, वायरल वीडियो से स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल