सिरोही पुलिस ने 14 महीने से लापता 16 वर्षीय नाबालिग को सूरत से दस्तयाब किया। पुलिस ने उसे भगाकर ले जाने के आरोप में 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजीव राजा को भी गिरफ्तार किया।
सिरोही (राजस्थान)। अनादारा थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 14 महीने से लापता 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को गुजरात के सूरत से दस्तयाब कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग को भगाकर ले जाने के आरोप में लंबे समय से फरार चल रहे 5 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजीव राजा को भी गिरफ्तार किया है। नाबालिग की मां ने 6 जुलाई 2025 को अनादारा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
आइसक्रीम लेने निकली लड़की नहीं लौटी
रिपोर्ट में बताया गया कि 5 जुलाई को दोपहर करीब ढाई बजे उसकी 16 वर्षीय बेटी पास की दुकान से आइसक्रीम लेने का कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। तलाश के दौरान परिजनों को पता चला कि रागीव राजा नाम का युवक उसे परेशान करता था और उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया।
आरोपी की गिरफ्तारी पर घोषित था इनाम
रिपोर्ट के मुताबिक, नाबालिग घर से दो अंगूठियां, कानों की बालियां, चांदी की पायल और करीब 15 हजार रुपये नकद भी लेकर गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसकी गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
सूरत में छिपे होने की मिली जानकारी
लंबे समय से फरार आरोपी की तलाश के लिए थाना अधिकारी अमराराम ठोकर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। साइबर सेल के भवानी सिंह और थाने के कांस्टेबल पुष्पेंद्र सिंह से मिले तकनीकी इनपुट के आधार पर आरोपी के सूरत में छिपे होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम को सूरत भेजा गया।
चार दिन निगरानी के बाद आरोपी दबोचा
पुलिस टीम ने सूरत में करीब चार दिन तक डेरा डालकर सघन निगरानी और तलाश की। आखिरकार पुलिस ने आरोपी को घेराबंदी कर दबोच लिया और नाबालिग को दस्तयाब कर लिया। कार्रवाई एसपी पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ के निर्देशन एवं रेवदर वृत्ताधिकारी अशोक आंजणा के निकट सुपरविजन में की गई। पुलिस अब मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: गोण्डा में पुलिस का बड़ा एक्शन, जानलेवा हमले का आरोपी लोहे के पाइप समेत गिरफ्तार