अभय राजपुरोहित हत्याकांड को लेकर सिरोही जिला मुख्यालय पर राजपुरोहित समाज ने विशाल प्रदर्शन किया।
सिरोही {राजस्थान}: अभय राजपुरोहित हत्याकांड को लेकर सिरोही जिला मुख्यालय पर राजपुरोहित समाज ने विशाल प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में समाज के महिला-पुरुष और युवा रामझरोखा से न्याय यात्रा निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे, जहां धरना-प्रदर्शन कर अभय राजपुरोहित को शीघ्र न्याय दिलाने की मांग उठाई।
आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की उठाई मांग
प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच सुनिश्चित करने के लिए विशेष जांच अधिकारी (स्पेशल ऑफिसर) की नियुक्ति की जाए तथा मुकदमे की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को जल्द न्याय मिल सके।
मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
समाज के प्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपियों का नार्को टेस्ट कराने, पूरे षड्यंत्र में शामिल सभी लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान आरोपियों के कथित ठिकानों पर बुलडोजर कार्रवाई करने की मांग भी उठाई गई। साथ ही पीड़ित परिवार के लिए आर्थिक सहायता की मांग करते हुए ज्ञापन में अभय राजपुरोहित के परिजनों को 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी उपलब्ध कराने की मांग की गई।
न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान
धरना-प्रदर्शन के दौरान समाज के लोगों ने स्पष्ट कहा कि जब तक अभय राजपुरोहित को न्याय नहीं मिल जाता, तब तक उनका आंदोलन और संघर्ष जारी रहेगा। प्रदर्शन स्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस का पर्याप्त जाब्ता भी तैनात रहा।
यह भी पढ़े: मुस्लिम युवक से शादी की जिद पर अड़ी बेटी, मां ने सरेबाजार युवक को चप्पलों से पीटा