ऋषिकेश से एक रिश्तों को तार-तार कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी ही मां को गोली मार दी। मामूली घरेलू विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया।
ऋषिकेश (उत्तराखंड)। ऋषिकेश से एक रिश्तों को तार-तार कर देने वाली तस्वीर सामने आई है। यहां एक बेटे ने अपनी ही मां को गोली मार दी। मामूली घरेलू विवाद देखते ही देखते खूनी वारदात में बदल गया। गोली लगने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक आरोपी युवक नशे का आदी बताया जा रहा है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाकर जांच शुरू कर दी है।
घरेलू विवाद में बेटे ने मां पर चलाई गोली
बता दें कि रविवार को आईडीपीएल चौकी क्षेत्र की विस्थापित कॉलोनी उस वक्त गोलियों की आवाज से दहल उठी, जब गली नंबर-3 में रहने वाले सुमित गौड़ ने कथित तौर पर अपनी मां उषा देवी पर गोली चला दी। घरेलू विवाद के बीच चली गोली से महिला लहूलुहान होकर गिर पड़ी। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
घायल मां को खुद अस्पताल ले गया आरोपी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वारदात के बाद आरोपी अपनी घायल मां को खुद एम्स ऋषिकेश लेकर पहुंचा। उधर सूचना मिलते ही आईडीपीएल चौकी प्रभारी विवेक राठी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पहुंचे। पुलिस ने मौके से खून के निशान सहित अन्य साक्ष्य जुटाए और फिर एम्स पहुंचकर घायल महिला की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस का कहना है कि फिलहाल विवाद की असली वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। महिला को गोली शरीर के किस हिस्से में लगी, इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट के बाद होगी। साथ ही जिस हथियार से फायरिंग की गई, वह लाइसेंसी था या अवैध, इसकी भी जांच की जा रही है।
जांच में जुटी पुलिस, एम्स में इलाज जारी
प्रारंभिक जांच में पुलिस को जानकारी मिली है कि आरोपी युवक नशे का आदी है और आशंका है कि उसने नशे की हालत में वारदात को अंजाम दिया। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है। फिलहाल घायल महिला का एम्स ऋषिकेश में इलाज जारी है और आरोपी से पूछताछ के साथ कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मां-बेटे के रिश्ते को झकझोर देने वाली इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। अब सबकी निगाहें पुलिस जांच और घायल महिला की स्वास्थ्य स्थिति पर टिकी है। पुलिस मेडिकल रिपोर्ट और फोरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
यह भी पढ़ें: इस्लामाबाद में PAF ग्रुप कैप्टन की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या, महिला को अपहरण से बचाने के दौरान वारदात