फतेहपुर के बिंदकी-कुंवरपुर मार्ग पर श्रद्धालुओं से भरा तेज रफ्तार लोडर अनियंत्रित होकर खाई में जाकर पीपल के पेड़ से टकरा गया। हादसे में 29 लोग घायल हो गए।
फतेहपुर: उत्तर प्रदेश में प्रतापगढ़ के मनगढ़ धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरे लोडर के रविवार सुबह बिंदकी-कुंवरपुर मार्ग पर अलियाबाद गांव के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने से बड़ा हादसा हो गया। तेज रफ्तार लोडर सड़क किनारे खंदक में उतरकर पीपल के पेड़ से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन में सवार श्रद्धालुओं में अफरा-तरफी मच गई। हादसे में कुल 29 लोग घायल हुए हैं।
अचानक अनियंत्रित हो गया वाहन
बताया जा रहा है कि कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के कोरवा गांव के निवासी लोडर में सवार होकर प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित प्रसिद्ध कृपालु धाम मानगढ़ मंदिर दर्शन के लिए जा रहे थे। रविवार सुबह करीब 10 बजे अलियाबाद गांव के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और सड़क किनारे गहरी खंदक (खाई) में गिरकर पीपल के पेड़ से टकरा गया।
घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती
हादसे की तेज आवाज सुनकर आस-पास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौडे। घटनास्थल पर श्रद्धालुओं की चीखें सुनकर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देने के साथ राहत कार्य शुरू कर दिया है। सूचना मिलते ही बिंदकी पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकलवाकर उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
29 घायलों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर भेजा गया
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक के अनुसार, हादसे में घायल 29 लोगों को मेडिकल कॉलेज फतेहपुर लाया गया है। इनमें से करीब सात घायलों को सिर में चोट लगने के कारण बेहतर उपचार के लिए कानपुर हैलट रेफर किया गया है। सभी घायलों की लगातार निगरानी की जा रही है। घायलों में शीलू देवी पुत्री मुन्ना, निशा पुत्री मुन्ना, छाया देवी पुत्री झल्लर, नैना पुत्री नरेश, प्रीति पुत्री कल्लू, छुटकी देवी पुत्री कल्लू और उमेरी पत्नी मुन्ना समेत अन्य श्रद्धालु शामिल बताए गए हैं। एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, चालक से प्रारंभिक पूछताछ में स्टीयरिंग और ब्रेक फेल होने की बात सामने आई है।
ये भी पढ़ें- सिरोही में संदिग्ध बांग्लादेशी महिला दस्तयाब, होटल से मिली; पासपोर्ट और जन्म प्रमाण पत्र बरामद