जसपुरा थाना क्षेत्र के कुम्हारिया डेरा के पास सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया।
बांदा {उत्तर प्रदेश}: जसपुरा थाना क्षेत्र के कुम्हारिया डेरा के पास सोमवार शाम एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया। सड़क किनारे घर जाने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे दो मजदूरों को तेज रफ्तार और अनियंत्रित लोडर ने बेरहमी से कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि 31 वर्षीय प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी सुशील गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसे के बाद मची चीख-पुकार
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस व 108 एंबुलेंस को घटना की जानकारी दी। थाना प्रभारी ऋषि देव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) जसपुरा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्रदीप को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल सुशील को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
परिवार का सहारा था प्रदीप
बताया गया कि प्रदीप कुछ महीने पहले ही नागपुर से अपने घर लौटा था। वह मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण कर रहा था और घर की जिम्मेदारियां संभाल रहा था। लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही मां भूरी देवी और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। पूरे मोहल्ले में मातम छा गया।
फरार चालक को पुलिस ने पकड़ा
हादसे के बाद लोडर चालक मौके से वाहन लेकर फरार हो गया था। हालांकि पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए भाग रहे लोडर को सुमेरपुर थाना क्षेत्र से पकड़ लिया। पुलिस ने प्रदीप के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े: CWG 2026: नारी शक्ति ने टीम इंडिया के स्वर्णिम अभियान को शक्ति प्रदान की