प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया तस्करी की कोशिश नाकाम

भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया तस्करी की कोशिश नाकाम, SSB ने 20 बोरी खाद से भरा टेंपो पकड़ा

बहराइच में भारत-नेपाल सीमा पर SSB ने 20 बोरी भारतीय यूरिया से लदा टेंपो पकड़ा। चालक दस्तावेज नहीं दिखा सका। खेप कस्टम विभाग को सौंप दी गई है और मामले की जांच जारी है।

भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया तस्करी की कोशिश नाकाम ssb ने 20 बोरी खाद से भरा टेंपो पकड़ा

SSB Seizes 20 Bags of Urea Near India-Nepal Border in Bahraich |

बहराइच (उत्तर प्रदेश)। भारत-नेपाल सीमा पर यूरिया की कथित तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। मिहींपुरवा तहसील क्षेत्र में स्थित लौकीही सीमा चौकी के पास गश्त के दौरान सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 59वीं वाहिनी के जवानों ने 20 बोरी भारतीय यूरिया से लदे एक सीएनजी ऑटो टेंपो को रोक लिया। चालक खाद से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पूरी खेप और वाहन को मिहींपुरवा कस्टम विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।

दस्तावेज न मिलने पर कस्टम को सौंपा मामला

SSB के अनुसार, सीमा की ओर जा रहे संदिग्ध टेंपो को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें 20 बोरी भारतीय यूरिया बरामद हुई। पूछताछ के दौरान चालक खाद की वैध खरीद या परिवहन से जुड़े दस्तावेज नहीं दिखा सका। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि यूरिया को अवैध रूप से नेपाल ले जाने की तैयारी थी। मामले की सूचना उच्च अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद बरामद वाहन और यूरिया की खेप कस्टम विभाग को सौंप दी गई। अब कस्टम विभाग पूरे प्रकरण की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगा।

यूरिया की कमी से किसान परेशान

इधर, स्थानीय किसानों का कहना है कि जिले में इन दिनों यूरिया की कमी बनी हुई है। धान की रोपाई के बाद किसानों को खाद के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है और कई स्थानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत वसूले जाने की शिकायतें भी सामने आ रही हैं। किसानों का आरोप है कि इसी कमी का फायदा उठाकर तस्कर भारतीय यूरिया को नेपाल में ऊंचे दामों पर बेचने की कोशिश करते हैं।

सीमा पर निगरानी होगी और सख्त

जिला कृषि अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव ने बताया कि उन्हें पहले इस कार्रवाई की जानकारी नहीं थी। अब सूचना मिलने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि खाद की अवैध आवाजाही रोकने के लिए सीमा क्षेत्रों में निगरानी और सख्त की जाएगी। 

यह भी पढ़ें:   Indonesia Ferry Fire: मदुरा द्वीप के पास यात्री फेरी में भीषण आग, 5 की मौत, 41 लोग लापता

Related to this topic: