प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

सेंट स्टीफंस कॉलेज में नया ड्रेस कोड लागू

सेंट स्टीफंस कॉलेज का नया फरमान: डीयू के इस प्रतिष्ठित कॉलेज में क्लासेज और लाइब्रेरी में शॉर्ट्स पहनने पर लगी रोक

दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज ने नया ड्रेस कोड जारी करते हुए क्लासेज और लाइब्रेरी में शॉर्ट्स पहनने पर रोक लगा दी है। कैंपस नियमों को लेकर सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

सेंट स्टीफंस कॉलेज का नया फरमान डीयू के इस प्रतिष्ठित कॉलेज में क्लासेज और लाइब्रेरी में शॉर्ट्स पहनने पर लगी रोक

Representative Image of St Stephens College |

नई दिल्ली। दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टीफंस कॉलेज ने मौजूदा एकेडमिक सेशन के लिए एक नया ड्रेस कोड तय किया है। इसके तहत स्टूडेंट्स को क्लासरूम और कैंपस की कई दूसरी जगहों पर शॉर्ट्स पहनने की मनाही है। बीते 26 जुलाई को जारी इस नोटिस पर प्रिंसिपल प्रोफेसर सुसान एलियास के हस्ताक्षर हैं। इसका टाइटल "कैंपस रेगुलेशंस एंड गाइडलाइंस" है। इसमें कहा गया है, "सभी जूनियर मेंबर्स को कैंपस के इन नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।"

कहां-कहां लागू हुआ बैन और स्मोक-फ्री जोन

ANI को प्राप्त नोटिस की प्रति के मुताबिक, ड्रेस कोड के तहत क्लासरूम, ट्यूटोरियल और लैबोरेटरी, चैपल, असेंबली हॉल, लाइब्रेरी और डाइनिंग हॉल में शॉर्ट्स पहनना पूरी तरह मना है। नोटिस में यह भी दोहराया गया है कि पूरा कॉलेज कैंपस स्मोक-फ्री जोन है। इस नियम को तोड़ने पर सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही, स्टूडेंट्स से कहा गया है कि कूड़ेदान का इस्तेमाल करे। साथ ही कैंपस में स्वच्छता बनाए रखने की भी अपील की गई है।

आईडी कार्ड जरूरी और सोशल मीडिया पर चर्चा

पहचान संबंधी में नोटिस में कहा गया है, "आपको हर समय अपना वैलिड कॉलेज ID कार्ड साथ रखना होगा। खाना खाने के लिए डाइनिंग हॉल में घुसने से पहले आपको अपनी ID दिखानी पड़ सकती है।" इस सर्कुलर ने स्टूडेंट्स के बीच हैरानी पैदा कर दी है और सोशल मीडिया पर बहस छेड़ दी है। कई लोग एकेडमिक जगहों पर कपड़ों के नियम तय करने की जरूरत पर सवाल उठा रहे हैं।

प्रिंसिपल और कॉलेज प्रशासन की चुप्पी

ANI ने ड्रेस कोड की वजह और क्या ये पाबंदियां कैंपस पॉलिसी में बदलाव का संकेत हैं, इस पर प्रतिक्रिया के लिए सेंट स्टीफंस कॉलेज की प्रिंसिपल प्रो. सुसान एलियास से संपर्क किया। हालांकि, इस रिपोर्ट के लिखे जाने तक उन्होंने कॉल या मैसेज का कोई जवाब नहीं दिया है। वहीं, कॉलेज ने अभी तक इस नोटिस पर कोई सार्वजनिक स्पष्टीकरण जारी नहीं किया है।
​(भाषांतर: Ravi Pandey । इनपुट: ANI)

यह भी पढ़ें: गुरु पूर्णिमा पर भी जनता के बीच पहुंचे सीएम योगी, गोरखपुर में 200 लोगों की सुनीं समस्याएं

Related to this topic: