प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

प्रदेश में डीजल-पेट्रोल पर्याप्त, गैस कमी अफवाहें

प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कमी नहीं, रसोई गैस किल्लत की अफवाहों से बचें: मुख्यमंत्री

ईरान-इजरायल युद्ध के बीच यूपी में एलपीजी का संकट गहरा गया है। राज्य में गैस सिलेंडर को लेकर हो रही मारामारी के बीच यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है।

प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कमी नहीं रसोई गैस किल्लत की अफवाहों से बचें मुख्यमंत्री

Yogi Adityanath |

लखनऊ। ईरान-इजरायल युद्ध के बीच यूपी में एलपीजी का संकट गहरा गया है। राज्य में गैस सिलेंडर को लेकर हो रही मारामारी के बीच यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में डीजल-पेट्रोल की कोई कमी नहीं है। लोग रसोई गैस की कमी की अफवाहों से बचें। एलपीजी आपूर्ति को लेकर मुख्यमंत्री ने सख्त रूख अख्तियार करते हुए कालाबाजारी व जमाखोरी पर तत्काल एफआईआर के निर्देश दिये हैं।

सीएम ने की उच्चस्तरीय बैठक

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने तेल कंपनियों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर रसोई गैस आपूर्ति-वितरण की समीक्षा की। सीएम ने कहा कि अफसर घबराहट न फैलने दें और समयबद्ध वितरण सुनिश्चित करें। सीएम ने छात्रावासों, अस्पतालों, धर्मशालाओं, होटलों तथा विभिन्न व्यापारिक प्रतिष्ठानों से संवाद स्थापित कर वैकल्पिक ईंधन के उपयोग के लिए प्रेरित करने का भी निर्देश दिया।

वैकल्पिक ईंधन के तौर पर केरोसिन आवंटित

वैकल्पिक व्यवस्था के तहत प्रदेश को 80 लाख लीटर केरोसिन आवंटित किया गया है।

कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्त कार्रवाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रशासन को सख्त निर्देश दिए हैं कि पेट्रोलियम पदार्थों यथा पेट्रोल-डीजल व घरेलू गैस सिलेंडर की कथित किल्लत की अफवाहें फैलाकर इसकी आड़ में जमाखोरी व कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। एजेंसियों से सामान्य गैस वितरण के लिए सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि ग्राहकों को नियमानुसार गैस सिलेंडर मिल सके।

हर जिले में 24×7 मॉनिटरिंग के निर्देश

मुख्यमंत्री ने खाद्य एवं रसद विभाग को कंट्रोल रूम स्थापित कर गैस वितरण की हर जिले की 24×7 मॉनीटरिंग करने के भी निर्देश दिये हैं। साथ ही एलपीजी वितरक सेंटरों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती कर व्यवस्था बनाये रखने में सहयोग के निर्देश दिए।

समय पर सिलेंडर आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में रसोई गैस (एलपीजी) की निर्बाध और सुचारु आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में एलपीजी की उपलब्धता को लेकर किसी भी प्रकार की घबराहट की स्थिति न बनने दी जाए तथा आमजन को समय-समय पर सही और तथ्यात्मक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।

मांग और आपूर्ति की विस्तृत समीक्षा

मुख्यमंत्री ने शासन के वरिष्ठ अधिकारियों और तेल कंपनियों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रदेश में एलपीजी की वर्तमान मांग और आपूर्ति की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर कृत्रिम कमी उत्पन्न न होने पाए तथा जिन उपभोक्ताओं ने एलपीजी की बुकिंग कराई है, उन्हें निर्धारित नियमों के अनुसार समयबद्ध ढंग से सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।

अफवाहों से बचने की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति उतनी गंभीर नहीं है, जितना कि अफवाहों के माध्यम से प्रचारित करने का प्रयास किया जा रहा है। तेल कंपनियां प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए एलपीजी की आपूर्ति और वितरण की वास्तविक स्थिति के बारे में आमजन को नियमित रूप से अवगत कराएं।

दोषियों पर दर्ज होगी एफआईआर

मुख्यमंत्री ने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि यदि कोई वितरक एजेंसी अथवा निजी व्यक्ति कालाबाजारी या जमाखोरी में लिप्त पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोरतम कार्रवाई की जाए।

पेट्रोल-डीजल की आपूर्ति सामान्य

अधिकारियों ने बैठक में अवगत कराया कि प्रदेश में पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है तथा इनके वितरण में किसी प्रकार की कोई कमी नहीं है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए विकल्प के रूप में प्रदेश को 80 लाख लीटर केरोसिन आवंटित किया गया है। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि इसे विकल्प के रूप में रखा जाए और आवश्यकता के अनुसार इसका यथोचित वितरण सुनिश्चित किया जाए।

यह भी पढ़े: मुख्य न्यायाधीश के नेतृत्व में हुई बैठक

https://www.primenewsnetwork.in/state/calcutta-highcourt-creat-appellate-soon-for-voters-complaint/148926

Related to this topic: