सोशल मीडिया पर चीनी की कमी को लेकर वायरल अफवाहों के बीच जिलाधिकारी ने जिले में पर्याप्त स्टॉक होने का दावा किया है। थोक विक्रेताओं के गोदामों के सत्यापन में कुल 2,744 क्विंटल चीनी उपलब्ध मिली।
सीतापुर: जनपद में चीनी की उपलब्धता को लेकर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही अफवाहों के बीच जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर ने जनपदवासियों को आश्वस्त किया है कि जिले में वर्तमान में चीनी का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर प्रसारित होने वाली अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों पर ध्यान न दें। जनसामान्य अपनी आवश्यकता के अनुसार, खुले बाजार से आसानी से चीनी खरीद सकते हैं।
चीनी डीलरों के स्टॉक की नियमित निगरानी
जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में चीनी के थोक विक्रेताओं के स्टॉक की नियमित निगरानी और सत्यापन कराया जा रहा है। साल 2026 के क्रम में चीनी डीलरों को भारत सरकार के पोर्टल पर पंजीकरण कराने और पंजीकरण के बाद उपलब्ध स्टॉक की प्रत्येक शुक्रवार को घोषणा करने के निर्देश दिए गए हैं।
थोक विक्रेताओं के गोदामों का सत्यापन
जिलाधिकारी के निर्देश पर उपजिलाधिकारियों, क्षेत्रीय विपणन अधिकारियों, विपणन निरीक्षकों और मंडी सचिवों द्वारा विभिन्न तहसीलों में थोक विक्रेताओं के गोदामों का सत्यापन कराया गया। तहसील सदर में गौरव डिस्ट्रीब्यूटर्स के यहां 450 क्विंटल और यश इंटरप्राइजेज के यहां 410 क्विंटल चीनी मिली।
इन गोदामों से मिला 1,884 क्विंटल चीनी का स्टॉक
महमूदाबाद तहसील में धनीराम ट्रेडिंग कंपनी के यहां 29 क्विंटल, आमिर ट्रेडिंग के यहां 125 क्विंटल और न्यू इंडिया ट्रेडिंग के यहां 72 क्विंटल स्टॉक पाया गया। बिसवां में रमेश स्टोर्स के यहां 453 क्विंटल और सक्षम ट्रेडिंग कंपनी के यहां 350 क्विंटल चीनी उपलब्ध मिली। वहीं मिश्रिख तहसील में महेश्वरी ट्रेडिंग कंपनी के यहां 341.50 क्विंटल, नैमिष अन्न भंडार के यहां 200 क्विंटल, मां ग्यारसी ट्रेडिंग कंपनी के यहां 84.50 क्विंटल और नैना ट्रेडर्स के यहां 230 क्विंटल चीनी का स्टॉक सत्यापन में पाया गया।
2,744 क्विंटल चीनी का स्टॉक सत्यापित
सत्यापित सभी स्टॉक को तत्काल भारत सरकार के संबंधित पोर्टल पर फीड कराया गया। सत्यापन किए गए प्रतिष्ठानों में कुल 2,744 क्विंटल चीनी उपलब्ध मिली है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्टॉक की नियमित निगरानी जारी रखने और बाजार में चीनी की उपलब्धता बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही नागरिकों से अनावश्यक खरीदारी या भंडारण से बचने और केवल अपनी जरूरत के अनुसार चीनी खरीदने की अपील की है।
ये भी पढ़ें- मुरैना में क्वारी नदी में डूबने से 35 वर्षीय युवक की मौत, SDRF ने बरामद किया शव