सुपौल में संदिग्ध हालत में मिले सुलचंद मुखिया के शव मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। डॉग स्क्वायड ने एक घर तक पहुंचकर सुराग दिया, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
सुपौल (बिहार)। छातापुर थाना क्षेत्र के चुन्नी सीमा के समीप भीसी में सुबह संदिग्ध अवस्था में मिले छातापुर निवासी सुलचंद मुखिया के शव मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। घटना की गंभीरता को देखते हुए सुपौल एसपी शरथ आरएस स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का मुआयना कर छातापुर थानाध्यक्ष प्रमोद झा को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। एसपी ने भरोसा जताया कि पुलिस त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर मामले का उद्भेदन कर लेगी।
डॉग स्क्वायड ने घर तक पहुंचकर जुटाए सुराग
इधर मामले की जांच के लिए पूर्णिया से डाग स्क्वायड की टीम को बुलाया गया। इंस्पेक्टर रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में पहुंची टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। खोजी स्वान ने घटनास्थल से उपलब्ध कपड़े को सूंघने के बाद पूरब दिशा की ओर बढ़ना शुरू किया और एक घर तक पहुंच गया। इसके बाद पुलिस ने उक्त घर में मौजूद लोगों से पूछताछ की। खोजी स्वान के एक घर तक पहुंचने की जानकारी मिलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मौके पर मौजूद लोगों को नियंत्रित किया और आवश्यक पूछताछ की।
डॉग स्क्वायड से मिला सुराग
हालांकि, पुलिस की ओर से फिलहाल किसी व्यक्ति को मामले में आरोपित या दोषी नहीं बताया गया है। डाग स्क्वायड से मिले सुराग को पुलिस जांच की एक कड़ी के रूप में लेते हुए आगे की कार्रवाई कर रही है। घटनास्थल पर डाग स्क्वायड की कार्रवाई देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और जांच में सहयोग करने की अपील की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष प्रमोद झा ने बताया कि डाग स्क्वायड के माध्यम से एक महत्वपूर्ण सुराग मिला है।
पोस्टमार्टम के बाद शव का किया गया दाह संस्कार
पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव का दाह संस्कार कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि मामले के उद्भेदन के लिए तकनीकी अनुसंधान समेत अन्य माध्यमों से भी जांच की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बहराइच में 15 लाख की अफीम के साथ नेपाली महिला गिरफ्तार, 1.290 किलो मादक पदार्थ बरामद