प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम
Breaking News

शुभेंदु अधिकारी का ममता सरकार पर हमला

ममता सरकार पर शुभेंदु अधिकारी का हमला, आदिवासियों से बदलाव की अपील

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर आदिवासियों के मुद्दे पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया और द्रौपदी मुर्मू के अपमान की बात कही।

ममता सरकार पर शुभेंदु अधिकारी का हमला आदिवासियों से बदलाव की अपील

Breaking News |

कोलकाता। भाजपा व पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्षी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने पुरुलिया जिले के काशीपुर में भाजपा की चुनावी सभा में कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आदिवासी महिलाओं के साथ नृत्य करती हैं, लेकिन जब आदिवासी की बेटी द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद के लिए चुनने का मौका आया तो उन्हें वोट नहीं दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि जब राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू बंगाल में आदिवासियों के कार्यक्रम में आईं तो उनका अपमान किया गया।

आदिवासी विरोधी होने का आरोप

विपक्षी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आदिवासी विरोधी हैं। उन्होंने आदिवासियों से इस बार विधानसभा चुनाव में ममता राज को पराजित कर बदला लेने की अपील की।

भाजपा के बढ़ते जनाधार का दावा

शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि भाजपा को 2016 के विधानसभा चुनाव में तीन सीटें, 2021 के विधानसभा चुनाव में 77 सीटें मिली थीं और इस बार आगामी चुनाव में 177 सीटें मिलने का दावा किया। उन्होंने कहा कि बंगाल में परिवर्तन होकर रहेगा।

नंदीग्राम और भवानीपुर से चुनाव लड़ने का ऐलान

उन्होंने कहा कि उन्होंने पिछले विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को हराया था और इस बार उनकी ही सीट भवानीपुर में भी उन्हें पराजित करेंगे। उन्होंने नंदीग्राम और भवानीपुर दोनों सीटों से चुनाव लड़ने की बात कही।

हिंदुओं पर हमले का आरोप

भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि ममता राज में हिंदुओं पर हमले हो रहे हैं। हिंदुओं को अपने त्योहारों के मौके पर जुलूस निकालने की अनुमति नहीं मिलती और उन्हें कोर्ट से अनुमति लेनी पड़ती है।

घुसपैठ और सीमा सुरक्षा पर सवाल

उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेश के घुसपैठियों को तरजीह दी जा रही है और सीमा पर बाड़ लगाने के लिए जमीन नहीं दी जा रही है। उन्होंने कहा कि हिंदुओं का अपमान किया जा रहा है और उन्हें खुलेआम धमकाया जाता है।

डबल इंजन सरकार का वादा

विपक्षी दल के नेता शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आदिवासियों के कल्याण और विकास के लिए विभिन्न योजनाओं के तहत पर्याप्त राशि दे रहे हैं, लेकिन उसका लाभ उन्हें नहीं मिल रहा। उन्होंने भाजपा के शपथ पत्र में किए गए वादों का जिक्र करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार ही आदिवासियों और बंगाल का विकास करेगी।

यह भी पढ़े: आईसीई के कार्यवाहक प्रमुख मई अंत में पद छोड़ेंगे

https://www.primenewsnetwork.in/world/ice-acting-chief-to-step-down-by-may-end/175119

Related to this topic: