अज्ञात चोरों ने देर रात एक घर में घुसकर करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोरों ने कमरे का दरवाजा और अलमारियों के ताले तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेट लिए।
औरंगाबाद {बिहार}: अज्ञात चोरों ने देर रात एक घर में घुसकर करीब दो लाख रुपये की संपत्ति चोरी कर ली। चोरों ने कमरे का दरवाजा और अलमारियों के ताले तोड़कर नकदी और सोने-चांदी के जेवर समेट लिए। घटना के दौरान परिवार के लोग बगल के कमरे में सोते रहे। सुबह जागने पर चोरी की जानकारी हुई। मामला जम्होर थाना क्षेत्र के भुआपुर गांव का है। यहां सोने-चांदी के जेवर, नकद और कई जरूरी दस्तावेजों की चोरी कर ली गई, जिसकी कीमत करीब दो लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
रात में घर में घुसे चोर
गृहस्वामी भुआपुर गांव निवासी कृष्णा सिंह ने बताया कि बुधवार की मध्य रात्रि सपरिवार सो रहे थे। इसी क्रम में अज्ञात चोर घर में घुसे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोरों ने सोने की कान की दो बालियां, एक मंगलसूत्र, जितिया, चांदी की दो पायल और नकद 40 हजार रुपये चोरी कर लिए।
सुबह बिखरा मिला सामान
मामले की जानकारी अहले सुबह हुई। घर का नजारा देखकर परिजनों के होश उड़ गए। सारा सामान बिखरा पड़ा था और जेवर, रुपये समेत कई सामान गायब थे। इसके बाद पड़ोसियों और पुलिस को चोरी की जानकारी दी गई। खोजबीन के दौरान घर से दक्षिण कुछ दूरी पर चार बक्से फेंके हुए मिले। हालांकि, इनमें रखे सोने-चांदी के जेवर, नकद और जरूरी दस्तावेज गायब थे।
मार्कशीट भी ले गए चोर
चोरों ने इंदु कुमारी की मैट्रिक, इंटर और ग्रेजुएशन की मार्कशीट भी चोरी कर ली। चोरी की इस घटना के बाद परिवार के लोग काफी परेशान हैं, क्योंकि जेवर और नकदी के साथ जरूरी शैक्षणिक दस्तावेज भी चोर अपने साथ ले गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। घटना को लेकर थानाध्यक्ष सूर्यवीर कुमार गुप्ता ने बताया कि पीड़ित की ओर से आवेदन प्राप्त हुआ है। घटना के सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। जल्द ही चोरों को पकड़ लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें: चंदौली में 11 साल से फरार ₹50 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार