मध्य प्रदेश के सिंगरौली (माडा) में भोजन-पानी की तलाश में आए 3 सियार घर के कुएं में गिर गए। वन विभाग की टीम ने रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर उन्हें सुरक्षित बचा लिया। पूरी खबर पढ़ें...
सिंगरौली: जिले के माडा क्षेत्र के ग्राम सुलियरी में एक कुएं में गिरे तीन सियारों को वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक रेस्क्यू कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। देर रात वन विभाग को इस घटना की सूचना मिली। ग्राम सुलियारी निवासी मनीष सोनी के खेत में बने घर के अंदर स्थित कुएं में तीन सियार गिर गए थे। सूचना मिलते ही वन विभाग सक्रिय हो गया और वन परिक्षेत्र अधिकारी के निर्देशन में बचाव अभियान की तैयारी शुरू की गई।
तीनों सियारों को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाला गया
रात में ही परिक्षेत्र सहायक माडा शिरीष रावत, बीट गार्ड रौंदी दीपेश कोल और सुरक्षा श्रमिकों की एक टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीणों के सहयोग से सावधानीपूर्वक बचाव अभियान चलाया गया। काफी प्रयासों के बाद तीनों सियारों को कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
वन क्षेत्र में छोड़े गए तीनों सियार
बचाव अभियान के दौरान वन विभाग की टीम ने यह सुनिश्चित किया कि किसी भी वन्यजीव को चोट न लगे। कुएं से बाहर निकालने के बाद तीनों सियारों के स्वास्थ्य का अवलोकन किया गया। सभी सियार स्वस्थ पाए गए, जिसके बाद उन्हें उनके प्राकृतिक आवास वाले वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
भोजन-पानी की तलाश में गांवों में आते हैं सियार
आपको बता दे कि सुलियारी और आसपास का क्षेत्र जंगलों से घिरा हुआ है। इस कारण जंगली जानवर अक्सर भोजन और पानी की तलाश में आबादी वाले क्षेत्रों में आ जाते हैं। ऐसे मामलों में वन विभाग लगातार निगरानी रखता है और सूचना मिलते ही त्वरित कार्रवाई करता है।