प्राइम न्यूज़ – एक कसम, राष्ट्र प्रथम

झालावाड़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई

सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा लाइटर के साथ रील बनाना पड़ा भारी, तीन युवक गिरफ्तार

झालावाड़ के पगारिया थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा लाइटर के साथ फोटो-वीडियो वायरल कर दहशत फैलाने के आरोप में तीन युवकों को शांति भंग के तहत गिरफ्तार किया।

सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा लाइटर के साथ रील बनाना पड़ा भारी तीन युवक गिरफ्तार

Three Youths Held for Viral Pistol-Like Lighter Posts in Jhalawar |

झालावाड़ (राजस्थान)। पगारिया थाना पुलिस ने सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा लाइटर के साथ फोटो एवं वीडियो पोस्ट कर लोगों में भय का माहौल बनाने के आरोप में तीन युवकों को शांति भंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया पर हथियार या हथियार जैसे दिखने वाले उपकरणों के साथ फोटो-वीडियो साझा कर झूठी शान दिखाने तथा आमजन में भय और असुरक्षा का माहौल पैदा करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे।

तकनीकी जांच से तीन युवकों की पहचान, शांति भंग में गिरफ्तारी

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा एवं वृत्ताधिकारी भवानीमण्डी सत्यनारायण के निर्देशन तथा पगारिया थानाधिकारी उपनिरीक्षक ब्रजराज सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने तकनीकी विश्लेषण और निगरानी के आधार पर सोशल मीडिया अकाउंट संचालकों की पहचान की। इसके बाद रविवार को पवन कुमार पुत्र गोपाल लाल बैरागी (20 वर्ष) निवासी ढाबला गहलोत, थाना पगारिया, धीरप सिंह पुत्र कालू सिंह सोन्ध्या राजपूत (22 वर्ष) निवासी धाराखेड़ी, थाना पिड़ावा तथा दिलीप कुमार पुत्र जगदीशचन्द माली (21 वर्ष) निवासी पीड़ावा, जिला झालावाड़ को सोशल मीडिया पर पिस्टलनुमा लाइटर के साथ पोस्ट वायरल कर लोगों में भय फैलाने के आरोप में शांति भंग की कार्रवाई के तहत गिरफ्तार किया गया।

पुलिस टीम की कार्रवाई, हथियार जैसे पोस्ट से बचने की अपील

कार्रवाई में थानाधिकारी ब्रजराज सिंह, हेड कांस्टेबल गोपाल, कांस्टेबल राणाराम एवं कांस्टेबल विजय शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों या हथियार जैसे दिखने वाले उपकरणों के साथ फोटो-वीडियो अथवा ऐसी भ्रामक सामग्री पोस्ट न करें, जिससे अपराध का महिमामंडन हो या लोगों में भय का माहौल बने। ऐसा करने वालों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
​(Published By: Ravi Pandey)

यह भी पढ़ें: घर में घुसकर महिला से मारपीट का आरोप, बचाव के लिए आई बेटी को जमीन पर घसीटा

Related to this topic: