बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में रविवार को एक बाघ ने घर में घुसकर सोते समय एक महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। महिला को बचाने के लिए दौड़े उसके जेठ दसईया पाल (50) को भी बाघ ने घायल कर दिया।
प्राइम न्यूज नेटवर्क
उमरिया। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में रविवार को एक बाघ ने घर में घुसकर सोते समय एक महिला पर हमला कर उसकी जान ले ली। महिला को बचाने के लिए दौड़े उसके जेठ दसईया पाल (50) को भी बाघ ने घायल कर दिया। मृतका की पहचान फूलबाई (48) के रूप में हुई है। घटना पनपथा बफर रेंज के खेरवाटोला गांव में भोर में करीब 3 बजे की है। ग्रामीणों के शोर-शराबा करने पर बाघ जंगल की ओर भाग गया, लेकिन सुबह करीब 8 बजे वह फिर आ गया और घर में घुसकर मृतका फूलबाई को जबड़े में दबाकर गौशाला में जाकर बैठ गया। बाघ करीब 6 घंटे तक शव के पास बैठा रहा। इस बीच, बाघ ने दोबारा हमला कर परिवार के अन्य सदस्यों फुल्ला पाल (50), गजाधर पाल (60) व नातिन सोती पाल (7) को घायल कर दिया। सभी घायलों को मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
रेस्क्यू के बाद बाघ की भी संदिग्ध हालात में मौत
दोपहर करीब 1:30 बजे बाघ को रेस्क्यू कर बाहर लाया गया, हालांकि, थोड़ी ही देर में उसकी मौत हो गई। वाइल्डलाइफ एक्सपर्ट पुष्पेंद्र द्विवेदी व विशेषज्ञों के अनुसार, चिकित्सक बाघ की उम्र, शरीर की बनावट व क्षमता का आकलन नहीं कर पाए और संभव है कि ट्रैंकुलाइज किए जाने के दौरान दवा के ओवरडोज या एंटीडोज देने में देरी से उसकी मौत हो गई। वहीं बांधवगढ़ के फील्ड डायरेक्टर अनुपम सहाय ने कहा कि जांच हो रही है।
25 लाख की मदद
घटना को लेकर सीएम डॉ. मोहन यादव ने शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतका के परिवार को 25 लाख रुपए की आर्थिक सहायता व घायलों के लिए निःशुल्क उपचार व मुआवजे की घोषणा की।
वन अमले पर नाराज ग्रामीणों ने किया हमला
बाघ के बार-बार के हमले से नाराज ग्रामीणों ने इकट्ठे होकर मौके पर पहुंचे वन अमले पर हमला कर दिया। वाहन में तोड़फोड़ भी की। स्थिति को काबू करने 6 थाना प्रभारियों समेत शहडोल व अनूपपुर से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।