खजुराहो। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो में शुक्रवार से 52वें अंतर्राष्ट्रीय खजुराहो नृत्य समारोह का आगाज़ हुआ, लेकिन...
खजुराहो। विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी खजुराहो में शुक्रवार से 52वें अंतर्राष्ट्रीय खजुराहो नृत्य समारोह का आगाज़ हुआ, लेकिन समारोह के पहले ही दिन दर्शकों का गुस्सा फूट पड़ा। कार्यक्रम में हुई भारी देरी के कारण विदेशी और स्थानीय पर्यटकों ने जमकर हंगामा किया और संस्कृति मंत्री के भाषण के दौरान हूटिंग कर अपना विरोध दर्ज कराया।
दो घंटे देर से पहुंचे मुख्य अतिथि
उद्घाटन समारोह का समय शाम 6:30 बजे निर्धारित था, लेकिन मुख्य अतिथि और अन्य मंत्री लगभग 2 घंटे की देरी से पहुँचे, जब मध्य प्रदेश के संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी भाषण देने के लिए मंच पर आए, तो लंबे समय से इंतज़ार कर रहे दर्शकों ने शोर मचाना और हूटिंग करना शुरू कर दिया।
पर्यटक भी नाराज हुए
कार्यक्रम स्थल पर मौजूद विदेशी और देशी पर्यटक घंटों तक कड़ाके की ठंड और अव्यवस्था के बीच बैठे रहे, जिससे उनके सब्र का बांध टूट गया।
भीड़ ने कड़ा विरोध किया
समारोह के पहले दिन मंच पर ऐसी स्थिति बनी जिसने आयोजकों को हैरान कर दिया। दरअसल, दर्शक दीर्घा में बैठे लोग शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुतियों का इंतज़ार कर रहे थे, लेकिन जब देरी से पहुँचे अतिथियों के भाषणों का दौर शुरू हुआ, तो भीड़ ने इसका कड़ा विरोध किया।
पर्यटक लेना चाहते थे संस्कृति का आनंद
पर्यटकों का कहना था कि वे यहाँ संस्कृति और कला का आनंद लेने आए हैं, न कि राजनेताओं के लंबे भाषण सुनने। देरी की वजह से कई विदेशी पर्यटक बीच में ही कार्यक्रम छोड़कर जाते हुए भी देखे गए। मालूम हो कि इस वर्ष खजुराहो नृत्य समारोह की थीम 'नटराज' रखी गई है, जिसमें देश-विदेश के नामचीन कलाकार अपनी प्रस्तुतियां दे रहे हैं। हालांकि, पहले दिन की इस अव्यवस्था ने आयोजन की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
यह भी पढ़ें : https://www.primenewsnetwork.in/world/nuclear-arms-control-agreement-between-america-and-russia-ends/132101