इटावा के जसवंतनगर में नगरपालिका की पानी की टंकी पर तैनात ट्यूबवेल पंप ऑपरेटर रमाशंकर पांडेय का शव सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जसवंतनगर, इटावा,(उत्तर प्रदेश)। नगर के मुख्य चौराहे के समीप स्थित नगरपालिका की पानी की टंकी पर तैनात ट्यूबवेल पंप ऑपरेटर का शव सोमवार को उनके सरकारी आवास में संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जल निगम में कार्यरत थे मृतक
मृतक की पहचान रमाशंकर पांडेय, निवासी ग्राम पूरे पांडेय, पोस्ट तिरहुत, जनपद सुल्तानपुर के रूप में हुई है। वह पहले जल निगम में कार्यरत थे। वर्ष 2021 में विभागीय फेरबदल के बाद उनकी तैनाती जसवंतनगर स्थित नगरपालिका की पानी की टंकी पर ट्यूबवेल पंप ऑपरेटर के पद पर कर दी गई थी। जानकारी के अनुसार, उनकी ड्यूटी नियमित रूप से समय पर रहती थी। सोमवार को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर नहीं पहुंचने पर साथी कर्मचारी सुशांत ने उन्हें कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद सुपरवाइजर विनय कुमार को सूचना दी गई। विभागीय अधिकारियों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
रसोई में जल रहा था गैस चूल्हा
सूचना मिलते ही कस्बा इंचार्ज अनूप पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जल निगम परिसर का गेट बंद होने के कारण पुलिस फाटक पार कर अंदर पहुंची। सरकारी आवास में रमाशंकर पांडेय का शव अधनग्न अवस्था में पड़ा मिला, जिस पर चींटियां लगी हुई थीं। जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि रसोई में गैस चूल्हा जल रहा था और खाना बनने की प्रक्रिया जारी थी। बर्तन पूरी तरह जल चुका था। पुलिस ने तत्काल गैस बंद कराई और विभागीय कर्मचारियों की मदद से शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया।
प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक से मौत का
पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला हार्ट अटैक से मौत का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। बताया गया कि रमाशंकर पांडेय वर्ष 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी रमादेवी, दो पुत्र और दो पुत्रियां हैं। बड़ा पुत्र सुशील कुमार पांडेय लखनऊ में एक निजी कंपनी में कार्यरत है, जबकि छोटा पुत्र आशीष पांडेय गांव में अपनी मां के साथ रहता है।
यह भी पढ़ेंः औरंगाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा, पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत; भाई घायल